मुरैना, देवेन्द्र सिंह राजपूत। जिले के दिमनी थाना क्षेत्र से हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां पुलिस चौकी के ठीक सामने से दिनदहाड़े चंबल नदी की अवैध रेत का परिवहन किया जा रहा है। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने प्रशासन और पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह पूरा मामला बरेथा गांव के पास क्वारी नदी पुल के नजदीक का है। यहां अवैध रेत परिवहन पर रोक लगाने के लिए आयुष अस्पताल परिसर में पुलिस चौकी बनाई गई है, जिसमें सुरक्षा के लिए एसएएफ का गार्ड भी तैनात रहता है। इसके बावजूद रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां चौकी के सामने से बेखौफ होकर गुजर रही हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार सूचना देने के बाद भी पुलिस मौके पर कार्रवाई के लिए नहीं पहुंचती, जिससे तंग आकर स्थानीय लोगों ने खुद ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
हाल ही में सेंट्रल एम्पावर्ड कमेटी (सीईसी) की बैठक में जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने चंबल क्षेत्र में अवैध उत्खनन पर 99 प्रतिशत तक रोक लगाने का दावा किया था। लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो ने प्रशासनिक दावों की पोल खोल दी है। अब देखना यह होगा कि इस मामले में प्रशासन क्या सख्त कदम उठाता है।

















