माउंट माउंगानुई। भारत के खिलाफ वनडे सीरीज के पांचवें मुकाबले को 22 रनों से गंवाने के बाद न्यूजीलैंड ने सीरीज 1-3 से गंवा दी। निर्णायक मुकाबले में हार के बाद कीवी कप्तान मिचेल सेंटनर ने कहा कि अगर उनके बल्लेबाज पांचवें वनडे में थोड़ी देर और टिके रहते, तो उनकी टीम जीत सकती थी। रविवार को बे ओवल में खेले गए इस मैच में भारत ने 209 रनों के मामूली स्कोर का बचाव करते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।
सेंटनर ने मैच के बाद प्रेजेंटेशन सेरेमनी में कहा, "आज रात उन्होंने (भारत) बहुत अच्छी गेंदबाजी की। उनके चारों तेज गेंदबाजों ने शानदार गेंदबाजी की; श्रेयस ने उन्हें बहुत अच्छे से रोटेट किया। जाहिर है, उन्होंने अक्षर को रोके रखा क्योंकि तेज गेंदबाज बहुत अच्छी लय में थे। साथ ही, वे मिडल ओवर्स में लगातार विकेट भी निकालते रहे। अगर हम हर साझेदारी को थोड़ा और लंबा खींच पाते, तो मैच जीत जाते। लेकिन कुछ समय ऐसा भी आया जब बल्लेबाजी करना मुश्किल था। उन्होंने सही समय पर अर्शदीप और सिराज को वापस गेंदबाजी पर लगाया। कुल मिलाकर, यह एक बेहतरीन गेंदबाजी प्रदर्शन था।"
उन्होंने यह भी कहा कि पिच के मिजाज और भारतीय गेंदबाजों की रणनीति के कारण बल्लेबाजों के लिए अपनी लय पाना मुश्किल हो गया था। कीवी कप्तान ने कहा, "पिच का बर्ताव थोड़ा अलग-अलग तरह का था (कहीं तेज तो कहीं धीमी)। उन्होंने हमें काफी दबाव में रखा और बाउंस का भी बहुत अच्छे से इस्तेमाल किया।"
इससे पहले, न्यूजीलैंड ने भारत को 209 रनों पर रोक दिया था। सेंटनर इस स्कोर से संतुष्ट थे और उन्होंने ऑफ-स्पिन ऑलराउंडर माइकल ब्रेसवेल की तारीफ की, जिन्होंने मिडिल ओवरों में शानदार गेंदबाजी की।
उन्होंने कहा, "हाफ-वे स्टेज (आधी पारी) पर मैं काफी खुश था। पिच पर शायद उतनी मदद नहीं थी जितनी हमने सोची थी। हमारे खिलाड़ियों ने परिस्थितियों के हिसाब से खुद को अच्छे से ढाला। पिच थोड़ी धीमी थी, और जिस तरह से 'बीस्ट' (माइकल ब्रेसवेल) ने मिडल ओवर्स में गेंदबाजी की, वह लाजवाब था। हम लगातार विकेट निकालते रहे। मैं 209 रनों के स्कोर से काफी खुश था। अगर आप 3-1 की स्कोरलाइन को देखें, तो मुकाबला उससे कहीं ज्यादा करीबी था। हमने अच्छा क्रिकेट खेला। बेशक, बीच-बीच में थोड़ी बारिश भी हुई और हम कुछ टॉस भी हारे, लेकिन इन सबके बावजूद, कई अच्छी बातें भी रहीं। आज, और पिछले मैच में भी, अगर हम खेल को थोड़ा और आगे तक ले जा पाते... 50 ओवर के क्रिकेट में, खासकर बल्लेबाजी के दौरान, हमारे पास काफी समय होता है। इसके अलावा, अलग-अलग खिलाड़ियों को मौका मिलना एक अच्छा अनुभव रहा। खिलाड़ियों ने जिम्मेदारी भी उठाई, जो कि एक अच्छी बात है।"
लक्ष्य का पीछा करते समय सेंटनर के हाथ में चोट लग गई थी, जिसके लिए उन्हें फिजियो की मदद लेनी पड़ी। कप्तान ने बताया कि चोट उन्हें अभी भी परेशान कर रही है और आगे की जानकारी के लिए वे स्कैन का इंतजार करेंगे। उन्होंने कहा, "काफी दर्द है, बहुत ज्यादा तो नहीं (मुस्कुराते हुए), लेकिन स्थिति बहुत अच्छी भी नहीं है। सोमवार सुबह एक्स-रे होगा, देखते हैं क्या निकलता है।"














