जबलपुर, अनुराग शुक्ला। स्वच्छता के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धि हासिल करने वाले संस्कारधानी जबलपुर के सफाई मित्रों के सम्मान में शनिवार को मानस भवन में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सफाई मित्रों पर पुष्पवर्षा कर उनके समर्पण और मेहनत को सराहा। उन्होंने कहा कि जब भी देश में स्वच्छता की मिसाल दी जाएगी, उसमें जबलपुर का नाम प्रमुखता से लिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि जबलपुर की इस उपलब्धि के पीछे सफाई मित्रों का अथक परिश्रम और शहरवासियों की सहभागिता है। उन्होंने शहर को स्वच्छता के मामले में देश में पहले स्थान पर पहुंचाने के लिए सामूहिक प्रयासों का आह्वान किया।


75 करोड़ की परियोजना और 182 सीएनजी वाहनों की सौगात

मुख्यमंत्री ने जबलपुर की स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए 75 करोड़ रुपये की इंटीग्रेटेड सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट परियोजना को मंजूरी दिलाने की बात कही। उन्होंने बताया कि शहर को कुल 182 सीएनजी वाहन उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे कचरा प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।


सफाई मित्रों की सुरक्षा पर जोर

मुख्यमंत्री ने नमस्ते योजना के तहत सफाई मित्रों को सुरक्षा उपकरण, प्रशिक्षण और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की जानकारी दी। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना का लाभ लेने और आयुष्मान कार्ड बनवाने की अपील भी की।


जबलपुर को विकास की नई सौगातें

मुख्यमंत्री ने जबलपुर-भोपाल-इंदौर प्रस्तावित इकोनॉमिक कॉरिडोर, सरकारी विश्वविद्यालय और फर्नीचर क्लस्टर जैसी विकास योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि मां नर्मदा के आशीर्वाद से जबलपुर विकास के नए आयाम स्थापित करेगा। महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने स्वच्छता की उपलब्धि का श्रेय सफाई मित्रों, नगर निगम की टीम और शहरवासियों को देते हुए मुख्यमंत्री एवं राज्य सरकार का आभार जताया। कार्यक्रम में सांसद आशीष दुबे, विधायक अशोक रोहाणी, सुशील तिवारी इंदू, डॉ. अभिलाष पांडे, नीरज सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान सफाई मित्रों को प्रशस्ति पत्र और सुरक्षा किट वितरित कर सम्मानित किया गया।


एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत

इससे पहले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का डुमना एयरपोर्ट पहुंचने पर जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर सांसद आशीष दुबे, विधायक सुशील तिवारी इंदू, नीरज सिंह, डॉ. अभिलाष पांडे सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने एयरपोर्ट के अवलोकन के लिए पहुंचे जैनम हेरिटेज पब्लिक स्कूल, पाटन के विद्यार्थियों से भी मुलाकात की और उन्हें शुभाशीष देकर उत्साहवर्धन किया।