छतरपुर/मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद अंतर्गत यमुना एक्सप्रेस-वे पर शनिवार देर रात करीब डेढ़ बजे एक बड़ा और भयावह हादसा होते-होते टल गया। दिल्ली के कश्मीरी गेट से मध्य प्रदेश के छतरपुर जा रही खजुराहो ट्रैवल्स की एक चलती डबल डेकर एसी स्लीपर बस (क्रमांक MP 14 ZH 5063) में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और बस से करीब 20 फीट ऊंची आग की लपटें उठने लगीं। गनीमत यह रही कि बस चालक की तत्परता और सूझबूझ के चलते बस में सवार सभी 40 यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ी जनहानि टल गई। हालांकि, इस अग्निकांड में पूरी बस और यात्रियों का सारा सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया है।
धुआं उठते ही मची चीख-पुकार, ड्राइवर ने सड़क किनारे रोकी बस
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश निवासी ड्राइवर जितेंद्र 40 यात्रियों को लेकर दिल्ली के कश्मीरी गेट से छतरपुर के लिए रवाना हुआ था। देर रात करीब 1:30 बजे जब बस मथुरा के राया थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे स्थित राया कट पुल के पास पहुंची, तभी बस से अचानक धुआं निकलने लगा। यात्रियों के मुताबिक, रात का समय होने के कारण बस में सवार अधिकांश लोग गहरी नींद में सो रहे थे। जैसे ही केबिन में धुआं फैला, यात्रियों में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए ड्राइवर जितेंद्र ने बिना घबराए तत्काल बस को एक्सप्रेस-वे के किनारे रोका और दरवाजे खोल दिए। जान बचाने की जल्दबाजी में सभी 40 यात्री किसी तरह बस से नीचे कूदकर सुरक्षित दूरी पर भागे, लेकिन इस आपाधापी में उनका सारा लगेज और कीमती सामान बस के भीतर ही छूट गया।
ये भी पढ़ें




डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद बुझी आग, शॉर्ट सर्किट की आशंका
आग इतनी तेजी से फैली कि चंद ही मिनटों में पूरी डबल डेकर बस आग के गोले में तब्दील हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम हरकत में आई। फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया, लेकिन तब तक बस और उसमें रखा यात्रियों का पूरा सामान जलकर खाक हो चुका था। प्रारंभिक जांच में बस की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट होने के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस प्रशासन ने संभाला मोर्चा, शिकायत मिलने पर होगी अग्रिम कार्रवाई
घटना के संबंध में क्षेत्राधिकारी (सीओ) संजीव कुमार राय ने जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार रात करीब 1:38 बजे पीआरवी को यमुना एक्सप्रेस-वे पर बस में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही राया थाने के प्रभारी निरीक्षक भारी पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड को सूचित किया। पुलिस और दमकल कर्मियों के समन्वय से आग को बुझाया गया तथा एक्सप्रेस-वे पर यातायात को सुचारू कराया गया। सीओ ने स्पष्ट किया कि इस हादसे में कोई भी यात्री हताहत नहीं हुआ है और सभी सुरक्षित हैं। मामले में फिलहाल किसी की ओर से कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, शिकायत मिलने पर नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।













