पन्ना, अमित सिंह। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण संतुलन की दिशा में एक बेहद उत्साहजनक उपलब्धि सामने आई है। दक्षिण पन्ना वनमंडल के पवई वन परिक्षेत्र में वन विभाग के निरंतर प्रयासों के चलते गिद्धों की आबादी में रिकॉर्ड वृद्धि दर्ज की गई है, जो अब बढ़कर 1,127 तक पहुंच गई है। इसी सकारात्मक माहौल के बीच नई पीढ़ी को प्रकृति और वन्यजीव संरक्षण के प्रति संवेदनशील बनाने के उद्देश्य से पवई वन परिक्षेत्र में एक विशेष शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया, जिसमें कटनी से आए 'विज़न ग्रुप' के लगभग 50 बच्चों, युवाओं और अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।


गिद्ध हैं प्रकृति के सफाईकर्मी, बीमारियों की रोकथाम में निभाते हैं अहम भूमिका

'विज़न ग्रुप' द्वारा संचालित 'पर्यावरण संरक्षण हेतु युवाओं की पहल' के अंतर्गत आयोजित इस शैक्षणिक भ्रमण का मुख्य लक्ष्य बच्चों और युवाओं को प्रकृति के करीब लाना और जैव विविधता के महत्व से परिचित कराना था। भ्रमण के दौरान वन विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों ने प्रतिभागियों को गिद्धों की पारिस्थितिकी तंत्र में उपयोगिता के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने समझाया कि गिद्ध प्रकृति के सबसे महत्वपूर्ण सफाईकर्मी हैं, जो मृत जीवों के अवशेषों का प्राकृतिक रूप से निस्तारण कर पर्यावरण को स्वच्छ रखने तथा संक्रामक बीमारियों के प्रसार को रोकने में निर्णायक भूमिका निभाते हैं। इस दौरान गिद्धों के अस्तित्व पर मंडरा रहे खतरों और उनके संरक्षण की चुनौतियों पर भी प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम में दक्षिण पवई एवं बिरहा के बीट प्रभारी वनपाल मनीष कुमार वर्मा तथा मोहड़िया के बीट प्रभारी वनरक्षक पीयूष शाक्य विशेष रूप से मौजूद रहे, जिन्होंने युवाओं को वन्यजीव संरक्षण के व्यावहारिक पहलुओं से अवगत कराते हुए पर्यावरण रक्षा में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

तीन वर्षों में तेजी से बढ़ा कुनबा, 'गिद्ध हितैषी गौशाला' पहल से जुड़ रहा समाज

दक्षिण पन्ना वनमंडल में गिद्ध संरक्षण के लिए चलाए जा रहे अभियानों के बेहद सकारात्मक परिणाम धरातल पर दिखाई दे रहे हैं। वन विभाग की आधिकारिक गणना के आंकड़ों पर नजर डालें तो वर्ष 2024 की शीतकालीन गणना में जहां 648 गिद्ध दर्ज किए गए थे, वहीं वर्ष 2025 में यह संख्या बढ़कर 762 पर पहुंच गई। इसके बाद फरवरी 2026 में हुई शीतकालीन गणना में गिद्धों की कुल संख्या 1,127 दर्ज की गई है, जो इस क्षेत्र का अब तक का सर्वाधिक आंकड़ा है। दक्षिण पन्ना के जंगलों में भारतीय गिद्ध, सफेद पीठ वाला गिद्ध और मिस्र गिद्ध सहित कई स्थानीय व प्रवासी प्रजातियां पाई जाती हैं। इनकी सुरक्षा के लिए वनमंडल द्वारा प्राकृतिक आवासों के संरक्षण के साथ-साथ मवेशियों के उपचार में उपयोग होने वाली हानिकारक दवाओं के प्रति पशुपालकों को जागरूक किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त 'गिद्ध हितैषी गौशाला स्व-प्रमाणीकरण' जैसी अभिनव पहल के माध्यम से स्थानीय गौशालाओं और समुदायों को भी इस संरक्षण अभियान से जोड़ा जा रहा है।