खरगौन। मध्य प्रदेश के खरगोन जिले और आसपास के निमाड़ अंचल में शनिवार सुबह एक बार फिर भूकंप के तेज झटकों से धरती कांप उठी। पिछले 25 दिनों के भीतर जिले में दूसरी बार भूकंप आने से स्थानीय नागरिकों में दहशत का माहौल है। शनिवार सुबह ठीक 9:15 बजे आए इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.5 दर्ज की गई है, जो पिछली बार के मुकाबले अधिक तेज थी। करीब 3 से 4 सेकंड तक जमीन में तेज कंपन और झनझनाहट महसूस होने के बाद घबराए लोग तुरंत अपने घरों और प्रतिष्ठानों से निकलकर खुले स्थानों की ओर दौड़ पड़े।

सतपुड़ा क्षेत्र में जमीन से 10 किलोमीटर नीचे था भूकंप का केंद्र

नेशनल सेंटर ऑफ सीस्मोलॉजी से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह आए भूकंप का केंद्र मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र की सीमा से लगे सतपुड़ा पर्वतीय क्षेत्र में स्थित था। यह केंद्र खरगोन जिला मुख्यालय से लगभग 35 किलोमीटर की दूरी पर और जमीन की सतह से 10 किलोमीटर की गहराई में दर्ज किया गया। भूकंप की तीव्रता 4.5 होने के कारण इसका असर केवल खरगोन तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि सेंधवा, खंडवा, बुरहानपुर और भीकनगांव के सीमावर्ती इलाकों में भी लोगों ने स्पष्ट रूप से धरती हिलने का अनुभव किया। उल्लेखनीय है कि इससे पहले विगत 18 अक्टूबर को भी दोपहर 12:14 बजे 4.1 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसका केंद्र भी जमीन से 10 किलोमीटर की गहराई में ही था। वहीं, खरगोन के बाद सुबह 10:29 बजे लेह-लद्दाख क्षेत्र में भी 3.9 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया।


कंपन से खिसके सोफे और हिली कार, स्कूल में बच्चों को निकाला गया मैदान में

सुबह के समय अचानक आए इस कंपन के प्रत्यक्ष प्रमाण भी सामने आए हैं। इलाके का एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें कंपन के दौरान खड़ी हुई कार स्पष्ट रूप से हिलती दिखाई दे रही है। स्थानीय निवासी दीपक कानूनगो, प्रभुराम मालवी और बसंत सोनी ने बताया कि झटके इतने तेज थे कि घर के भीतर रखे सोफे अपनी जगह से खिसकने लगे, जिसके बाद वे तुरंत परिजनों के साथ बाहर निकल आए। वहीं, रसोई में काम कर रही एक महिला ने बताया कि एक पल के लिए तेज झनझनाहट के साथ धरती हिलती महसूस हुई। भूकंप का असर शिक्षण संस्थानों में भी देखने को मिला। सनावद रोड स्थित अविसंस स्कूल में कंपन महसूस होते ही सतर्क शिक्षकों ने बिना किसी देरी के सभी बच्चों को सुरक्षित रूप से स्कूल भवन से बाहर निकालकर खुले मैदान में एकत्रित किया और बाद में उन्हें भूकंप के दौरान अपनाए जाने वाले बचाव के तरीकों की जानकारी दी।

प्रशासन अलर्ट मोड पर, एसडीएम ने की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील

जिले के विभिन्न हिस्सों से भूकंप के झटके महसूस होने की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। खरगोन एसडीएम सत्येंद्र बैरवा ने पुष्टि करते हुए बताया कि जिले के कई इलाकों से कंपन महसूस होने की जानकारी प्राप्त हुई है, जिस पर प्रशासनिक अमले ने मैदानी स्तर पर स्थिति का जायजा लिया है। राहत की बात यह है कि अब तक जिले में किसी भी प्रकार की जनहानि या संपत्ति के बड़े नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है। प्रशासन ने आम नागरिकों से सतर्क रहने और किसी भी तरह की भ्रामक अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।