पन्ना/अजयगढ़, मो. मुस्तकीम। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले अंतर्गत अजयगढ़ नगर के वार्ड क्रमांक 15 माधवगंज में शराब के नशे में धुत होकर आंगनबाड़ी केंद्र पर तोड़फोड़ करने और दहशत फैलाने वाले एक युवक को अजयगढ़ थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के तत्काल बाद हरकत में आई पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
नशे की हालत में की थी गाली-गलौज और ईंटों से की थी तोड़फोड़
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते दिन अजयगढ़ के माधवगंज क्षेत्र स्थित वार्ड क्रमांक 15 में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र पर संतोष सोनकर नामक युवक ने शराब के नशे में जमकर उत्पाद मचाया था। आरोपी ने केंद्र परिसर में अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की और ईंटों से हमला कर आंगनबाड़ी केंद्र में तोड़फोड़ की थी। इस घटना से केंद्र में मौजूद स्टाफ और आसपास के रहवासियों में भय व दहशत का माहौल निर्मित हो गया था।
ये भी पढ़ें




वायरल वीडियो पर थाना प्रभारी संतोष सिंह यादव ने लिया तत्काल संज्ञान
युवक द्वारा आंगनबाड़ी केंद्र में किए गए इस उपद्रव का वीडियो किसी ने मोबाइल में कैद कर लिया, जो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वायरल वीडियो के संज्ञान में आते ही अजयगढ़ थाना प्रभारी संतोष सिंह यादव ने तत्काल एक्शन लेते हुए पुलिस टीम को मौके पर रवाना किया और आरोपी की घेराबंदी कर उसे धर दबोचा।
शांति भंग करने पर हुई सख्त कार्रवाई, भेजा गया सलाखों के पीछे
थाना प्रभारी संतोष सिंह यादव ने बताया कि शासकीय आंगनबाड़ी केंद्र में तोड़फोड़ करने, सार्वजनिक शांति भंग करने और क्षेत्र में दहशत फैलाने के आरोप में आरोपी संतोष सोनकर के विरुद्ध सुसंगत धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर सख्त कार्रवाई की गई है। गिरफ्तारी के उपरांत पुलिस ने आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उसका जेल वारंट कटने के बाद उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से स्थानीय नागरिकों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने राहत की सांस ली है।













