छिंदवाड़ा, जीशान अंसारी। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले अंतर्गत गांगीवाड़ा स्थित पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) में दीपावली की रात हुए चोरी के सनसनीखेज प्रयास का देहात थाना पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से इस वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है तथा एक विधि उल्लंघनकर्ता किशोर को अभिरक्षा में लिया है। अपराधियों में कानून का भय पैदा करने और आमजन में सुरक्षा का विश्वास जगाने के उद्देश्य से पुलिस ने आज गिरफ्तार आरोपियों का परासिया नाका क्षेत्र से जुलूस भी निकाला।
दीपावली की अलसुबह बजा था बैंक का सायरन, टूटे मिले थे ताले और कैमरे
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना बीते 8 नवंबर को दीपावली के दिन सुबह करीब 4 बजकर 18 मिनट पर घटित हुई थी। अज्ञात बदमाशों ने बैंक में सेंध लगाने की नीयत से प्रवेश करने का प्रयास किया, जिससे बैंक का आपातकालीन सायरन अलार्म बज उठा। सायरन की आवाज और अलर्ट मिलते ही ब्रांच मैनेजर सोनल इंदल भावे ने तत्काल पुलिस व स्टाफ को सूचित किया। जब बैंक स्टाफ और पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो बैंक के मुख्य शटर के ताले और परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे टूटे हुए पाए गए। हालांकि, सायरन बज जाने के कारण आरोपी नकदी या अन्य सामान ले जाने में सफल नहीं हो सके थे।
ये भी पढ़ें
विशेष टीम ने सीसीटीवी फुटेज और फिंगरप्रिंट के आधार पर दबोचा
बैंक में चोरी के प्रयास की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में देहात थाना प्रभारी गोविंद सिंह राजपूत के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल से जुटाए गए फिंगरप्रिंट, भौतिक साक्ष्यों, आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की। लगातार की गई पड़ताल के बाद 13 नवंबर को पुलिस ने इस वारदात में शामिल दो मुख्य आरोपियों अल्ताफ कुरैशी और आदर्श बोहद को दबोच लिया, साथ ही एक विधि उल्लंघनकर्ता किशोर को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया।
आदतन अपराधी हैं आरोपी, लोहे की रॉड और बाइक जब्त; फरार साथी की तलाश जारी
देहात थाना प्रभारी गोविंद सिंह राजपूत ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है और उनके खिलाफ पूर्व में भी चोरी के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त लोहे की रॉड तथा घटना के दौरान इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है। फिलहाल इस गिरोह में शामिल एक अन्य फरार आरोपी की सरगर्मी से तलाश की जा रही है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं।




















