उज्जैन। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह उज्जैन से अयोध्या तक निकाली जा रही अपनी 'सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा' के क्रम में अशोकनगर जिले पहुंचे हैं। गुरुवार रात जिले के सोवत गांव में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए दिग्विजय सिंह ने अपने राजनीतिक जीवन के कई अनसुने पन्ने पलटे। उन्होंने सन 1972 का एक पुराना किस्सा साझा करते हुए खुलासा किया कि उस समय राजमाता विजयाराजे सिंधिया उन्हें जनसंघ में शामिल कराना चाहती थीं, लेकिन आरएसएस और गोलवलकर की किताबें पढ़ने के बाद उन्हें उनकी विचारधारा पसंद नहीं आई और उन्होंने कांग्रेस को चुना। दूसरी ओर, अशोकनगर में यात्रा के स्वागत में लगाए गए होर्डिंग्स और बैनरों से कांग्रेस जिलाध्यक्ष की तस्वीर गायब रहने से पार्टी की आंतरिक गुटबाजी भी खुलकर सामने आ गई है।


1972 का राजनीतिक किस्सा और भाजपा पर तीखा प्रहार; बोले— 'ये वोट चोर और चंदा चोर दोनों हैं'

सभा में लोगों के सवालों का जवाब देते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा कि लोग पूछते हैं कि 80 साल की उम्र में वे उज्जैन से अयोध्या तक पदयात्रा क्यों कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि 1972 में राजमाता विजयाराजे सिंधिया उन्हें जनसंघ में लाना चाहती थीं, जबकि गोविंद नारायण सिंह कांग्रेस में। तब उन्होंने महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू, डॉ. अंबेडकर के साथ-साथ आरएसएस, सावरकर और गोलवलकर की किताबें पढ़ीं, लेकिन जनसंघ की विचारधारा उन्हें नहीं जंची। बचपन से बोर्डिंग स्कूल में सभी धर्मों के लोगों के साथ रहने के कारण उन्होंने कभी हिंदू-मुस्लिम में भेद नहीं किया और सर्वधर्म समभाव को ही सच्चा सनातन माना। भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए पूर्व सीएम ने आरोप लगाया कि राम मंदिर निर्माण के लिए सभी ने चंदा दिया, लेकिन निर्माण में भ्रष्टाचार किया गया और चढ़ावे में चोरी की गई। उन्होंने भाजपा को 'वोट चोर और चंदा चोर' करार देते हुए झूठ बोलने में माहिर बताया। इसके अलावा उन्होंने सनातन की वर्ण व्यवस्था को जन्म के बजाय कर्म आधारित बताते हुए कहा कि भाजपा सरकार कांग्रेस द्वारा गरीबों को दिए गए पट्टों को निरस्त कर रही है, जिसके खिलाफ संघर्ष जारी रहेगा।


अशोकनगर शहर में प्रवेश करेगी यात्रा; स्वागत बैनर-पोस्टरों में दिखी स्थानीय कांग्रेस की गुटबाजी

सोवत गांव से शुक्रवार को यात्रा सात गांवों से होते हुए पिपरिया राय गांव में रुकी, जहां बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे। आज यह पदयात्रा अशोकनगर शहर में प्रवेश करेगी, जहां महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करने के बाद काफिला चंदेरी क्षेत्र के लिए रवाना होगा। एक तरफ दिग्विजय सिंह यात्रा के जरिए एकजुटता और सर्वधर्म समभाव का संदेश दे रहे हैं, वहीं अशोकनगर में प्रवेश करते ही कांग्रेस की गुटबाजी सतह पर आ गई है। शहर में यात्रा के स्वागत के लिए लगाए गए होर्डिंग और बैनरों में पूर्व जिलाध्यक्ष, पूर्व और वर्तमान विधायकों की तस्वीरें तो प्रमुखता से लगाई गई हैं, लेकिन वर्तमान कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेंद्र कुशवाह की तस्वीर को ही पोस्टरों से गायब कर दिया गया है।