मैहर, पुष्पेन्द्र कुशवाहा। संगीत नगरी मैहर में 52वें उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत समारोह का भव्य शुभारंभ हो गया। तीन दिवसीय इस प्रतिष्ठित सांस्कृतिक आयोजन का आगाज दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया, जो 15 नवंबर तक चलेगा। समारोह की शुरुआत से पूर्व मुख्य अतिथियों और जनप्रतिनिधियों ने मदीना भवन पहुंचकर चादरपोशी की रस्म अदा की और बाबा अलाउद्दीन खां को श्रद्धांजलि अर्पित की।

सांस्कृतिक संध्या की प्रथम प्रस्तुति विश्व प्रसिद्ध मैहर बैंड के कलाकारों द्वारा दी गई। बैंड के सदस्यों ने बाबा के आविष्कृत वाद्य यंत्र 'नल तरंग' की मधुर धुनों से उन्हें स्वरांजलि दी, जिससे पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। प्रस्तुति के पश्चात संभागीय कमिश्नर शैलेंद्र सिंह और सांसद गणेश सिंह ने मंच पर कलाकारों का सम्मान कर उनका उत्साहवर्धन किया।


इस गरिमामय अवसर पर कलेक्टर विदिशा मुखर्जी, पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह, विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी, भाजपा जिलाध्यक्ष कमलेश सुहाने सहित बड़ी संख्या में संगीत प्रेमी और श्रोतागण उपस्थित रहे।