मंदसौर, ललित शंकर धाकड़: जिले के दलौदा थाना क्षेत्र के सगरा गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां रतलाम जिले के पिपलौदा थाने में पदस्थ आरक्षक कमलसिंह चौहान की संदिग्ध परिस्थिति में कुएं में गिरने से मौत हो गई। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
घरेलू विवाद के बाद घर से निकले थे आरक्षक
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना से कुछ समय पहले आरक्षक कमलसिंह चौहान का घर पर अपनी मां और पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के बाद वह गुस्से में घर से बाहर निकल गए थे। बताया जा रहा है कि रास्ते में उन्होंने एक पड़ोसी को रोककर अपनी मां के लिए एक संदेश दिया था कि "मां को बता देना, मैं कुएं में गिर रहा हूं..."। इसके कुछ देर बाद ही यह अनहोनी हो गई।
घर के पास ही स्थित कुएं में मिला शव, बाहर मिलीं बाइक और चप्पलें
ये भी पढ़ें




जांच में यह बात सामने आई है कि जिस कुएं में आरक्षक का शव मिला, वह उन्हीं का बताया जा रहा है। शुरुआत में आशंका जताई जा रही थी कि वह अपनी बाइक सहित कुएं में गिरे होंगे, लेकिन मौके पर पहुंचने पर उनकी बाइक और चप्पलें कुएं के बाहर सुरक्षित मिलीं। इससे मामला और अधिक संदिग्ध हो गया है।
रात में ग्रामीणों ने निकाला बाहर, पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने पर ग्रामीण और रिश्तेदार तुरंत मौके पर पहुंचे और रात के समय रेस्क्यू कर कुएं से शव को बाहर निकाला गया। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। फिलहाल पुलिस इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि यह आत्महत्या का मामला है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों के बयान दर्ज कर सभी पहलुओं से मामले की पड़ताल कर रही है।














