सागर, त्रिवेन्द्र जाट: केसली क्षेत्र के ग्राम कुसमी निवासी 26 वर्षीय राजा राजपूत की सड़क हादसे के बाद इलाज के दौरान हुई मौत से शहर में सनसनी फैल गई है। मौत से ठीक पहले मृतक राजा का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें उसने सागर के चैतन्य अस्पताल के डॉक्टरों और इलाज की व्यवस्था पर गंभीर आरोप लगाए हैं। इस घटना के बाद परिजनों ने स्वास्थ्य विभाग से निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम कुसमी के पास रोरीबारी घटिया क्षेत्र में खड़े राजा राजपूत को एक अज्ञात बाइक सवार ने टक्कर मार दी थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। परिजन उसे फौरन उपचार के लिए सागर के चैतन्य अस्पताल लेकर पहुंचे थे। वायरल वीडियो में राजा ने बताया कि अस्पताल में इलाज के दौरान अचानक उसके हाथ-पैर सुन्न होने लगे और उन्होंने काम करना बंद कर दिया। जब उसने डॉक्टरों से अपनी बिगड़ती हालत को लेकर सवाल किया, तो डॉक्टरों ने कथित तौर पर संतोषजनक जवाब देने के बजाय कहा कि 'हम डॉक्टर हैं, तुम नहीं।'

हालत बिगड़ने पर उसे भोपाल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस वीडियो के सामने आने के बाद निजी अस्पतालों में मरीजों की सुरक्षा और इलाज के प्रोटोकॉल पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर भारी लापरवाही का आरोप लगाया है। अब देखना यह है कि स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और निष्पक्ष जांच कर कब तक सच्चाई सामने लाता है।