भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के पॉश इलाकों में शुमार वैशाली नगर में नल से सप्लाई होने वाले पेयजल में खतरनाक ई-कोलाई (E. coli) बैक्टीरिया पाए जाने से हड़कंप मच गया है। यह वही जानलेवा बैक्टीरिया है, जिसके संक्रमण से इंदौर के भागीरथपुरा में 36 लोगों की मौत हो चुकी है। सरकारी लैब की जांच रिपोर्ट में बैक्टीरिया की पुष्टि होने के बाद दहशत में आए कॉलोनी के करीब 200 परिवारों ने नल का पानी पीना पूरी तरह बंद कर दिया है और वे अब बाजार से बोतलबंद पानी खरीदने को मजबूर हैं। जिस कोलार नेटवर्क से यह पानी सप्लाई होता है, उससे शहर के करीब 7 लाख लोगों की प्यास बुझती है, जिससे बड़े स्वास्थ्य संकट की आशंका पैदा हो गई है।
रहवासी ने खुद सरकारी लैब में कराई जांच तो खुली निगम के दावों की पोल
वैशाली नगर में लंबे समय से आ रहे गंदे पानी से परेशान स्थानीय रहवासी विवेक राय ने अपने स्तर पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (PCB) की स्टेट रिसर्च लैब से पानी की जांच कराई। 28 अक्टूबर को आई पहली रिपोर्ट में 100 मिली पानी में ई-कोलाई की मात्रा 660 MPN और गंदलापन 5.9 एनटीयू (अधिकतम सीमा 5 एनटीयू) पाया गया। इसके बाद 12 नवंबर को दोबारा दिए गए सैंपल की 13 नवंबर को आई रिपोर्ट में भी ई-कोलाई की मात्रा 350 MPN मिली, जबकि पीने योग्य पानी में इसकी मात्रा शून्य होनी चाहिए।
रिटायर्ड डिप्टी एनसीआरबी एमके त्रिपाठी ने इस रिपोर्ट को बेहद गंभीर बताया है। उन्होंने कहा कि 28 अक्टूबर की रिपोर्ट के बाद निगम में शिकायत की गई थी, जिस पर 2-3 नवंबर को निगम की टीम ने आसपास के तीन घरों से सैंपल लेकर रिपोर्ट नेगेटिव होने का दावा किया था, लेकिन महज दो दिन बाद ही नलों से फिर गंदा पानी आने लगा। रहवासियों के मुताबिक, इलाके में पेयजल पाइप लाइन के बिल्कुल पास से सीवेज लाइन गुजरती है। पीछे स्थित वायु नगर के चेंबर ओवरफ्लो होने पर लीकेज के जरिए सीवेज का गंदा पानी पेयजल लाइन में मिलने की प्रबल आशंका है। जिस कोलार नेटवर्क से यह सप्लाई होती है, उससे शहर के 9 जोन के करीब 7 लाख लोगों को 1.35 लाख कनेक्शनों के जरिए रोजाना 34 एमएलडी पानी मिलता है।
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने साधा निशाना
इस मामले पर मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर सरकार और प्रशासन को घेरा। उन्होंने कहा कि 16 दिनों में दूसरी बार पानी में खतरनाक बैक्टीरिया मिलना गंभीर प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है। इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी से हुई 35 से ज्यादा मौतों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि इस नेटवर्क से जुड़े 7 लाख लोगों की जान खतरे में है।
दूसरी ओर, भोपाल नगर निगम के सभापति किशन सूर्यवंशी ने कहा कि शिकायत मिलते ही मौके पर टीम भेजकर सैंपलिंग कराई गई है। उन्होंने दावा किया कि अन्य जगहों पर इस तरह का बैक्टीरिया नहीं मिला है, हालांकि मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरी एहतियात बरती जाएगी। गौरतलब है कि वर्ष 2022 में भी राजधानी के गैस फैक्ट्री और ईदगाह के नियामतपुर क्षेत्र में क्लोरिनेशन के बावजूद पानी में बैक्टीरिया मिलने पर निगम की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठे थे।

















