छतरपुर/चंदला, जीतेन्द्र तिवारी: जिले के चंदला स्थित शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (सांदीपनि विद्यालय) में एनसीसी संचालन को लेकर गंभीर अनियमितताएं और भ्रष्टाचार के आरोप सामने आए हैं। स्थानीय स्तर पर साझा की गई जानकारी के मुताबिक, विद्यालय में एनसीसी का वजूद केवल कागजों और फाइलों तक ही सीमित है, जबकि जमीनी स्तर पर इसका कोई वास्तविक संचालन नहीं हो रहा है।

प्रिंसिपल पर नियमों को ताक पर रखने और चहेते शिक्षक को प्रभार देने का आरोप

खबर के अनुसार, विद्यालय के प्रिंसिपल पर तमाम नियमों की अनदेखी करने का आरोप है। आरोप है कि एनसीसी का प्रभार एक ऐसे शिक्षक को सौंपा गया है, जो कथित तौर पर इस कार्य के लिए योग्य और प्रशिक्षित (अन-ट्रेनर) नहीं है। स्थानीय स्तर पर यह चर्चा है कि यह कदम किसी चहेते शिक्षक को विशेष लाभ पहुँचाने के लिए उठाया गया है।

कैडेट्स के अधिकारों और सरकारी बजट के हनन की आशंका

मामले में यह गंभीर सवाल भी उठाए गए हैं कि एनसीसी के नाम पर आने वाले सरकारी बजट और कैडेट्स के हक के पैसों का दुरुपयोग किया जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि भ्रष्टाचार और बंदरबांट का यह खेल बिना किसी डर के लगातार चल रहा है, जिससे छात्रों के अधिकारों का हनन हो रहा है।

प्रशासनिक चुप्पी पर उठे सवाल, DEO ने जांच का दिया आश्वासन

इस मामले के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और शिक्षा जगत से जुड़े जागरूक नागरिकों ने प्रशासनिक अधिकारियों की चुप्पी पर सवाल खड़े किए हैं। लोगों का कहना है कि यदि इस भ्रष्ट गठजोड़ के खिलाफ जल्द ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो यह छात्रों के भविष्य के साथ बड़ा खिलवाड़ साबित होगा।

इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) पी.के. रैकवार का कहना है कि उनके संज्ञान में यह मामला लाया गया है और वे स्कूल में पदस्थ प्राचार्य से बात कर पूरे मामले की जांच करवाएंगे।