भोपाल, जीतेन्द्र यादव। राजधानी के आदमपुर इलाके स्थित नगर निगम के प्लास्टिक रीसायकल प्लांट में आग लग गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं और आग पर काबू पाने के प्रयास लगातार जारी हैं। फिलहाल आग लगने के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल सका है।
इस साल यह चौथी बार है जब आदमपुर खंती स्थित इस प्लांट में आग लगने की घटना सामने आई है। सबसे अहम बात यह है कि इस मामले को लेकर 17 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होनी है। कोर्ट ने पहले ही खंती खाली करने के लिए 330 दिन का टारगेट तय किया था। ऐसे में महत्वपूर्ण सुनवाई से ठीक पहले एक बार फिर आग लगने से इस घटना के पीछे किसी बड़ी साजिश की आशंका भी गहरा गई है।














