दमोह, राजेन्द्र तिवारी। दमोह देहात थाना अंतर्गत जबलपुर नाका चौकी में पदस्थ प्रधान आरक्षक भूपेंद्र पटेल के साथ रविवार को बिजोरी गांव में मारपीट का मामला सामने आया है। घटना के बाद रविवार देर रात उन्हें मेडिकल परीक्षण और उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया। प्रधान आरक्षक ने नितेश यादव सहित 5-6 लोगों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है।
प्रधान आरक्षक भूपेंद्र पटेल के अनुसार, वे गांव में दो पक्षों के बीच हुए विवाद की जांच के सिलसिले में मौके पर पहुंचे थे। फरियादी के घर के पास मौका नक्शा तैयार करते समय आरोपियों ने उनके साथ झूमाझटकी शुरू कर दी और मारपीट पर उतारू हो गए। इस दौरान आरोपियों ने उनकी वर्दी फाड़ दी, मोबाइल छीन लिया और जांच से जुड़े सरकारी दस्तावेज भी फाड़ दिए।
घटना की जानकारी तत्काल थाना प्रभारी को दी गई, जिसके बाद पुलिस बल आरोपियों की तलाश में गांव पहुंचा। इस घटना के बीच गांव में एक व्यक्ति के घर में तोड़फोड़ किए जाने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।














