दमोह, राजेन्द्र तिवारी। जिले के बटियागढ़ पुलिस थाने का आज सागर रेंज के महानिरीक्षक (IG) इरशाद बली ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ दमोह पुलिस अधीक्षक (SP) आनंद कलादगी और एसडीओपी प्रिया सिंधी भी प्रमुख रूप से मौजूद रहीं। निरीक्षण के दौरान आईजी ने थाने के विभिन्न कक्षों और दस्तावेजों की बारीकी से जांच की।

आईजी इरशाद बली ने थाने के सीसीटीएनएस कक्ष, रिकॉर्ड रूम और शस्त्रागार (आर्मरी) का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने क्षेत्र में दर्ज अपराधों की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों के त्वरित और प्रभावी निराकरण के कड़े निर्देश दिए। इसके अलावा, उन्होंने थाना परिसर के पुराने भवन के उचित रखरखाव और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के लिए भी पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया।

निरीक्षण के बाद दमोह एसपी आनंद कलादगी ने मीडिया को जानकारी दी कि आईजी साहब ने पुलिसकर्मियों को जनता के साथ बेहतर तालमेल बिठाने और सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देने के निर्देश दिए हैं, जिससे आम नागरिकों में पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हो सके। उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को उनकी कार्यकुशलता के लिए मौके पर ही इनाम देकर प्रोत्साहित भी किया गया। इस निरीक्षण के दौरान बटियागढ़ थाना प्रभारी रजनी शुक्ला समेत थाने का पूरा अमला उपस्थित रहा।