छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में जमीन विवाद के सेटलमेंट के नाम पर 15 करोड़ रुपये की भारी-भरकम फिरौती मांगने के सनसनीखेज मामले में कुंडीपुरा थाना पुलिस को दूसरी बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मामले में सक्रिय रूप से शामिल दूसरे आरोपी देवरावेन भलावी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। इससे पूर्व पुलिस इस प्रकरण में एक अन्य आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचा चुकी है।
मालनवाड़ा की जमीन खरीद-फरोख्त से जुड़ा है विवाद, कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुई थी एफआईआर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरा हाई-प्रोफाइल मामला मालनवाड़ा क्षेत्र स्थित बेशकीमती जमीन की खरीद-फरोख्त और उसके सेटलमेंट से जुड़ा हुआ है। इस संबंध में फरियादी अल्फाज शाह उर्फ गोलू ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया था कि आरोपियों ने जमीन के मामले को सुलझाने (सेटलमेंट) के नाम पर उसे डराया-धमकाया और 15 करोड़ रुपये की फिरौती की मांग की। फरियादी द्वारा इस प्रकरण में माननीय न्यायालय के समक्ष परिवाद दायर किया गया था। न्यायालय के निर्देश पर कुंडीपुरा पुलिस ने सुसंगत धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर मामले की सूक्ष्म विवेचना प्रारंभ की थी।
खुद को राजस्व और लोकायुक्त अधिकारी बताकर दबाव बनाने के आरोप, दो आरोपी अब भी फरार
जांच के दौरान इस मामले में कई चौंकाने वाले पहलू भी सामने आए हैं। आरोपियों पर आरोप है कि उन्होंने फरियादी पर मानसिक और कानूनी दबाव बनाने के लिए खुद को राजस्व विभाग तथा लोकायुक्त का अधिकारी बताकर धमकाया था। शासकीय पदों के नाम का दुरुपयोग कर करोड़ों रुपये की वसूली करने के इन आरोपों ने मामले को और अधिक गंभीर बना दिया है। कुंडीपुरा पुलिस के अनुसार, प्रकरण में दो आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि दो अन्य आरोपी अभी फरार चल रहे हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस की आगामी जांच और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद इस पूरे सिंडिकेट से जुड़े कई अन्य बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।















