इंदौर। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के सियासी केंद्र माने जाने वाले विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-3 में रविवार को विधायक गोलू शुक्ला द्वारा भव्य दीपावली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। ऋतुराज मांगलिक भवन में आयोजित इस समारोह में क्षेत्र के दसों वार्डों से बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं, वरिष्ठ नागरिकों, समाज प्रमुखों और बड़ी संख्या में मातृशक्ति ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। हालांकि, इस भव्य आयोजन के बीच राजनीतिक गलियारों में सबसे ज्यादा चर्चा प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और क्षेत्र के पूर्व विधायक आकाश विजयवर्गीय की अनुपस्थिति को लेकर रही। वरिष्ठता के नाते मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किए जाने के बावजूद दोनों नेताओं का समारोह में न पहुंचना सियासी हलकों में कई मायनों में देखा जा रहा है।
मंत्री तुलसी सिलावट, सांसद शंकर लालवानी सहित शहर के दिग्गज भाजपा नेताओं ने की शिरकत
भले ही कैलाश विजयवर्गीय और आकाश विजयवर्गीय कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए, लेकिन इंदौर भाजपा के लगभग सभी प्रमुख दिग्गजों ने मंच साझा कर विधायक गोलू शुक्ला का उत्साहवर्धन किया। समारोह में मुख्य रूप से कैबिनेट मंत्री तुलसी सिलावट, वरिष्ठ भाजपा नेता सत्यनारायण सत्तन, सांसद शंकर लालवानी, प्रदेश महामंत्री गौरव रणदिवे, विधायक महेंद्र हार्डिया, विधायक मधु वर्मा, भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा तथा पूर्व विधायक जीतू जिराती, गोपी नेमा और सुदर्शन गुप्ता उपस्थित रहे। विधायक गोलू शुक्ला ने कार्यक्रम में पधारे वरिष्ठ जनों और समाज प्रमुखों का आत्मीय स्वागत व सम्मान किया तथा सभी का मुंह मीठा कराकर दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
'तीन नंबर क्षेत्र मेरा परिवार'—गोलू शुक्ला के संबोधन पर गूंजी तालियां, भजन संध्या में झूमे कार्यकर्ता
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक गोलू शुक्ला ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-3 उनका परिवार है और वे ईश्वर से कामना करते हैं कि इस परिवार का प्रत्येक सदस्य सदैव सुखी और संपन्न रहे तथा उन पर मां महालक्ष्मी की कृपा बनी रहे। उनके इस आत्मीय संबोधन पर सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। आयोजन के दौरान गायिका लक्ष्मी पांडे ने सुमधुर भजनों की प्रस्तुति दी, जिस पर उपस्थित महिलाओं ने जमकर नृत्य किया। वहीं, रात करीब 11 बजे कार्यकर्ताओं के विशेष आग्रह पर प्रदेश महामंत्री गौरव रणदिवे और विधायक गोलू शुक्ला ने मंच संभाला और दोनों की जुगलबंदी में प्रसिद्ध कबीर भजन "जरा धीरे-धीरे गाड़ी हांको मेरे राम गाड़ी वाले..." सहित कई भजनों की प्रस्तुति देकर पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया।
सप्ताह भर की माइक्रो-प्लानिंग से सफल हुआ आयोजन
दीपावली मिलन समारोह को भव्य रूप देने के लिए पिछले एक सप्ताह से बूथ स्तर पर तैयारियां की जा रही थीं। विधानसभा प्रभारी दिनेश वर्मा ने व्यवस्थाओं के सुचारू संचालन के लिए पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी थीं। आयोजन को सफल बनाने में नगर उपाध्यक्ष दीपेंद्र सिंह सोलंकी, रितेश वीरांग, आशीष शर्मा, चंद्रभान सिंह सोलंकी और बंटी वर्मा की टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई।
















