छतरपुर, शिवम सोनी। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत हरपालपुर थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए राठ रोड स्थित रेलवे फाटक के पास से दो सूटकेस में भरकर ले जाया जा रहा 34 किलो गांजा बरामद किया है और मौके से 19 वर्षीय एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देशन और सीएसपी अरुण सोनी के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई से मादक पदार्थ तस्करों में हड़कंप मच गया है।

मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर थाना प्रभारी निरीक्षक नितिन शर्मा और काकुनपुरा चौकी प्रभारी गिरजेश राजा बुंदेला की संयुक्त टीम ने राठ रोड पर घेराबंदी की। इस दौरान पुलिस ने ओरछा निवासी शिवम अहिरवार (19) पुत्र धर्मेंद्र अहिरवार को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास मिले दो सूटकेसों से कुल 34 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसमें एक-एक किलो के 14 पैकेट और दो-दो किलो के 10 पैकेट शामिल हैं। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि यह खेप ओडिशा से लाई गई थी और इसे ट्रेन के रास्ते झांसी ले जाकर उत्तर प्रदेश के विभिन्न इलाकों में सप्लाई किया जाना था। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया है, जबकि इस नेटवर्क में शामिल अन्य दो आरोपी कुलदीप और शनि राय निवासी ओरछा मौके से फरार हो गए हैं जिनकी तलाश की जा रही है।