इंदौर। पंजाबी गायक और अभिनेता दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में घुसे अंतरराज्यीय गिरोह के दो सदस्यों को पुलिस ने पकड़ लिया है। हैरानी की बात यह है कि गिरोह के सदस्य चोरी करने के इरादे से बाकायदा गोल्ड और सिल्वर क्लास के महंगे टिकट खरीदकर कॉन्सर्ट में पहुंचे थे। पुलिस ने उनके पास से चोरी के छह मोबाइल फोन बरामद किए हैं। वहीं, गिरोह के चार से पांच अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।दरअसल, 15 नवंबर को इंदौर के सी21 एस्टेट ग्राउंड में दिलजीत दोसांझ का लाइव कॉन्सर्ट आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। इतने बड़े आयोजन को देखते हुए सुरक्षा के लिए क्राइम ब्रांच और खजराना थाना पुलिस की टीमें तैनात की गई थीं। पुलिस की टीमें कार्यक्रम स्थल पर लगातार नजर रख रही थीं। इसी दौरान कुछ युवकों की गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें पकड़कर पूछताछ शुरू की।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान पुरानी दिल्ली निवासी नाजिम और लखनऊ निवासी सुरेंद्र के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक, दोनों एक ऐसे गिरोह का हिस्सा हैं जो अलग-अलग शहरों में होने वाले बड़े कॉन्सर्ट और आयोजनों को निशाना बनाता है। गिरोह के सदस्य गोल्ड और सिल्वर क्लास के महंगे टिकट खरीदकर कार्यक्रम में जाया करते थे। इसके बाद भीड़ में शामिल होकर लोगों के मोबाइल फोन चोरी करते थे।
पुलिस की शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने जयपुर और दिल्ली समेत दूसरे शहरों में भी इसी तरह मोबाइल चोरी करने की बात स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार, इस गिरोह में दो गिरफ्तार आरोपियों के अलावा चार से पांच अन्य सदस्य भी शामिल हैं। पुलिस अब उनके बाकी साथियों का पता लगाने और चोरी के अन्य मोबाइल फोन बरामद करने में जुटी है।
इस मामले पर एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने आईएएनएस से कहा, ''दिलजीत दोसांझ के इस कॉन्सर्ट से पहले और दूसरे आयोजनों में भी इस तरह की घटनाएं सामने आई थीं। इसी को देखते हुए पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें तैनात की गई थीं। इसी कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और उनके पास से छह मोबाइल फोन बरामद हुए। गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।''
वहीं, दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को लेकर अहमदाबाद में भी एक अलग मामला चर्चा में है। यहां 21 नवंबर को होने वाले उनके लाइव कॉन्सर्ट से पहले जिला बाल संरक्षण अधिकारी ने पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखकर उनके चार गानों पर रोक लगाने की मांग की है।
पत्र में दिलजीत के गाने 'पटियाला पेग', '5 तारा ठेके', 'जेब विचो फीम' और 'जट्ट फायर करदा' का जिक्र किया गया है। अधिकारी का कहना है कि इन गानों के बोल में शराब, अफीम, नशे और हथियारों का जिक्र है, जिसका बच्चों और युवाओं पर गलत असर पड़ सकता है। पत्र में कहा गया है कि इन गानों को बदले हुए बोल के साथ भी नहीं गाया जाना चाहिए।
इसके अलावा कॉन्सर्ट में तेज आवाज, चमकती लाइटों और बच्चों को स्टेज पर बुलाने को लेकर भी चिंता जताई गई है। अधिकारी ने पुलिस से इन बातों को ध्यान में रखते हुए जरूरी पाबंदियां लगाने की मांग की है।
















