सिवनी। मध्य प्रदेश के सिवनी जिले से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-44 (NH-44) पर सोमवार तड़के करीब 3 से 4 बजे के बीच एक भीषण सड़क हादसा हो गया। छपारा थाना क्षेत्र के रणधीर नगर के पास बेंगलुरू से नेपाल की ओर जा रही एक यात्री बस अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्राले के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि यात्री बस का अगला हिस्सा पूरी तरह से चकनाचूर हो गया। इस दुर्घटना में बस के चालक और परिचालक को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि 6 से अधिक यात्री घायल हो गए हैं। हादसे के वक्त बस में सवार अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे, जिसके चलते टक्कर होते ही मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।


नींद में थे अधिकांश यात्री, टक्कर होते ही मची चीख-पुकार

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यात्री बस बेंगलुरू से सवारियां लेकर नेपाल जा रही थी। सोमवार तड़के जब बस छपारा थाना अंतर्गत रणधीर नगर के समीप पहुंची, तो चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और बस सीधे आगे चल रहे ट्राले में पीछे से टकरा गई। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। राष्ट्रीय राजमार्ग की आपातकालीन सहायता सेवा 1033 की एंबुलेंस के माध्यम से गंभीर रूप से घायल चालक, परिचालक और अन्य घायल यात्रियों को तत्काल जिला अस्पताल सिवनी पहुंचाया गया, जहां सभी का उपचार जारी है। बस में फंसे अन्य सुरक्षित यात्रियों को भी बाहर निकाला गया।


नागपुर से जबलपुर की ओर एक ही दिशा में जा रहे थे दोनों वाहन

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, यात्री बस और ट्राला दोनों ही नागपुर से जबलपुर की ओर एक ही दिशा में जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार बस ट्राले से जा भिड़ी। हादसे की सूचना मिलते ही छपारा थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारू कराया। फिलहाल दुर्घटना के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है, हालांकि तड़के का समय होने के कारण चालक को झपकी आने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।