झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के बबीना थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम कोटी में मंगलवार सुबह एक किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पूरे परिवार में कोहराम मच गया। मुलायम पाल (45) नामक किसान मंगलवार सुबह करीब 4 बजे अपनी पत्नी से गेहूं की फसल में पानी लगाने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन कुछ ही देर बाद उनका शव खेत में स्थित आम के पेड़ से लटका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर बबीना थाने की भेल चौकी पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है।


सुबह 4 बजे फसल में पानी लगाने निकले थे किसान

ग्राम कोटी निवासी मृत किसान मुलायम पाल पुत्र भंवर सिंह खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके चचेरे भाई अशोक पाल ने जानकारी दी कि मंगलवार सुबह करीब चार बजे मुलायम ने अपनी पत्नी सुनीता से कहा था कि वे खेत पर जाकर गेहूं की फसल में पानी लगा रहे हैं। सुबह के वक्त जब अन्य ग्रामीण अपने खेतों पर काम करने पहुंचे, तो उनकी नजर आम के पेड़ पर पड़ी, जहां मुलायम पाल का शव लटका हुआ था। यह भयानक दृश्य देख ग्रामीणों ने तुरंत उनके परिजनों और स्थानीय पुलिस को इस दुर्घटना की सूचना दी, जिसके बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।


पीछे छोड़ गए भरा-पूरा परिवार; पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर शुरू की विधिक कार्रवाई

मृतक मुलायम पाल अपने पीछे पत्नी सुनीता और पांच बच्चों (चार बेटियां और एक बेटा) का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनकी तीन बेटियों—सुखवती (24), खुशबू (22) और सुनीता (20) का विवाह हो चुका है, जबकि 16 वर्षीय बेटी भूरी और 10 वर्षीय बेटा सागर अभी अविवाहित हैं। छोटा बेटा सागर एक सरकारी स्कूल में पढ़ाई करता है। पति की अचानक हुई मौत के बाद से पत्नी सुनीता और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। चचेरे भाई के अनुसार, मुलायम पिछले कुछ दिनों से मानसिक अवसाद से जूझ रहे थे। बबीना थाना प्रभारी राहुल सिंह राठौर ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मेडिकल कॉलेज पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।