बांदा, अनवर रजा। जिले के विकासखंड नरैनी के चन्दौर ग्राम पंचायत में कथित भ्रष्टाचार और लाखों रुपये के गबन का एक अनोखा मामला सामने आया है। न्याय न मिलने से थक-हारकर एक पीड़ित ने अनोखा तरीका अपनाते हुए शिकायती पत्रों की माला पहनी और सीधे जिलाधिकारी कार्यालय पहुंच गया, जहां उसने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

वर्षों की दौड़-भाग के बाद भी नहीं हुई सुनवाई

चन्दौर ग्राम पंचायत निवासी यह शिकायतकर्ता पिछले कई वर्षों से गांव में हुए विकास कार्यों में अनियमितता और वित्तीय गबन की शिकायतें लेकर प्रशासनिक अधिकारियों के चक्कर काट रहा था, लेकिन आरोप है कि अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। बार-बार गुहार लगाने के बाद भी जब सुनवाई नहीं हुई, तो उसने अधिकारियों का ध्यान आकर्षित करने के लिए शिकायती पत्रों से बनी माला पहनकर अनोखे तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया।


प्रशासन ने दिए जांच के आदेश

इस पूरे मामले पर अपर जिलाधिकारी कुमार धर्मेन्द्र ने जानकारी देते हुए बताया कि एक पीड़ित ग्राम पंचायत में अनियमितता की शिकायत लेकर उनके पास आया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए शिकायत पत्र मुख्य विकास अधिकारी (CDO) और जिला पंचायत राज अधिकारी (DPRO) को भेज दिया गया है। प्रशासन की ओर से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और नियमों के अनुसार उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।