पन्ना/अजयगढ़, मोहम्मद मुस्तकीम: मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के अजयगढ़ अंतर्गत वार्ड क्रमांक 9 पुलिस कॉलोनी के पास एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां दबंगों द्वारा लगभग 30 साल पुराने शासकीय रास्ते को अवैध रूप से बंद कर पक्का निर्माण कर लिया गया है। इस गंभीर मामले को लेकर पीड़ित शिकायतकर्ता प्रतिपाल सिंह सरदार ने एसडीएम अजयगढ़ को लिखित शिकायत सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत के अनुसार, वार्ड के ही एक व्यक्ति ने रातों-रात इस पुराने सरकारी रास्ते पर पक्की दीवार खड़ी कर दी। हैरानी की बात यह है कि इस शासकीय रास्ते पर पहले से सीसी रोड डली हुई थी, जिसे ढंककर सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया गया है। इसी सरकारी रास्ते से शिकायतकर्ता प्रतिपाल सिंह की निजी जमीन का निकास और आवागमन जुड़ा हुआ था, जिसे पूरी तरह से बंद कर दिया गया है।


पीड़ित ने आरोप लगाया है कि अतिक्रमण करने वाले ने सिर्फ रास्ता ही बंद नहीं किया, बल्कि उनकी निजी जमीन पर लगा हुआ गेट भी तोड़ दिया और पूरी तरह अवैधानिक तरीके से निर्माण कार्य को अंजाम दिया है। इस मनमानी से परेशान होकर फरियादी ने प्रशासन से तत्काल शासकीय रास्ते का अतिक्रमण हटवाने और आम जनता के लिए रास्ता दोबारा खुलवाने की गुहार लगाई है। अब देखना यह होगा कि प्रशासनिक अमला इस मामले में कितनी जल्दी एक्शन लेता है।