उज्जैन, अशोक दायमा। बॉलीवुड की प्रसिद्ध अभिनेत्री रवीना टंडन अपनी पुत्री राशा टंडन के साथ उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचीं। यहां दोनों ने गर्भगृह व नंदी हॉल से बाबा महाकाल के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर भगवान का आशीर्वाद लिया।
दर्शन के उपरांत श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से सहायक प्रशासक एवं जनसंपर्क अधिकारी आशीष फलवड़िया ने दोनों अभिनेत्रियों का पारंपरिक रूप से स्वागत और सम्मान किया। रवीना और राशा की एक झलक पाने के लिए मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं और प्रशंसकों में खासा उत्साह देखने को मिला। दर्शन के बाद मीडिया से चर्चा में दोनों अभिनेत्रियों ने महाकाल की नगरी उज्जैन की अपनी इस यात्रा और दर्शन के अनुभव को बेहद अलौकिक और सुखद बताया।
















