वॉर्सेस्टर। आयरलैंड की महिला ऑलराउंडर खिलाड़ी अर्लीन केली ने इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया है। वॉर्सेस्टर में इंग्लैंड महिला टीम के खिलाफ आयरलैंड के मैच के बाद उन्होंने अपने साढ़े चार साल के इंटरनेशनल करियर को अलविदा कहा।न्यूजीलैंड में जन्मी 32 वर्षीय केली, आयरिश पासपोर्ट मिलने के बाद 2022 में आयरलैंड चली गई थीं। शुरुआत में वह घरेलू क्रिकेट खेलने के लिए वहां गई थीं, लेकिन उनके शानदार प्रदर्शन ने जल्द ही सबका ध्यान अपनी ओर खींचा। केली का घरेलू क्रिकेट के पहले ही मैच में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 60 रन बनाने के साथ-साथ 35 रन देकर 3 विकेट चटकाए, जिसके लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।

इसके कुछ ही हफ्तों बाद, 3 जून 2022 को उन्होंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ आयरलैंड के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट में पदार्पण किया। इस मैच में उन्होंने 25 रन देकर 2 विकेट झटके। उनकी बेहतरीन गेंदबाजी की मदद से आयरलैंड ने उस समय की वर्ल्ड कप उपविजेता साउथ अफ्रीका को 10 रन से हराकर बड़ा उलटफेर किया।

इंटरनेशनल क्रिकेट की कोई खास उम्मीद न होने के बावजूद, जल्द ही वह आयरलैंड की टीम का अहम हिस्सा बन गईं। डेब्यू के बाद से आयरलैंड महिला टीम के 117 मैचों में से 110 मैचों में केली खेलीं और टीम की सबसे भरोसेमंद खिलाड़ियों में से एक बनकर उभरीं। अपनी सटीक लाइन-लेंथ और लगातार अच्छी गेंदबाजी के लिए पहचानी जाने वाली मीडियम पेस स्विंग गेंदबाज केली आयरलैंड क्रिकेट को अलविदा कहते समय देश की और से तीसरी सर्वाधिक विकेट लेने वाली गेंदबाज हैं। उनसे आगे सिर्फ इसोबेल जॉयस और लॉरा डेलानी हैं।

केली के करियर का सबसे शानदार प्रदर्शन 2023 में नीदरलैंड के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में देखने को मिला, जब उन्होंने सिर्फ 12 रन देकर 5 विकेट झटके थे। उसी साल उनके बेहतरीन प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें 'आयरिश क्रिकेट इंटरनेशनल वुमन प्लेयर ऑफ द ईयर' चुना गया। इसके अलावा, अगस्त 2023 के लिए उन्हें आईसीसी की 'इंटरनेशनल वुमन प्लेयर ऑफ द मंथ' का सम्मान भी मिला।

अपने इस फैसले के बारे में बात करते हुए केली ने कहा, "पिछले साढ़े चार वर्षों में आयरलैंड का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए बहुत सम्मान की बात रही है और मैं खुशकिस्मत हूं कि मुझे मैदान के अंदर और बाहर इतनी शानदार यादें बनाने का मौका मिला। हालांकि, अब संन्यास लेने और अपने परिवार व दोस्तों के पास न्यूजीलैंड लौटने का सही समय आ गया है।"

उन्होंने आगे कहा, "मैं क्रिकेट आयरलैंड, उन कोचों जिनके साथ मैंने काम किया और सबसे जरूरी - अपनी टीम की साथियों का बहुत-बहुत धन्यवाद करना चाहती हूं। आप लोगों ने खुले दिल से मेरा स्वागत किया और मुझे वैसा ही रहने दिया जैसी मैं हूं। इस चेंजिंग रूम का हिस्सा बनना बहुत खास रहा है, और मुझे पता है कि यह ग्रुप बहुत कुछ हासिल करने की काबिलियत रखता है। मैं बाउंड्री के बाहर से भी टीम को फॉलो करती रहूंगी और उनका सपोर्ट करती रहूंगी।”

आयरलैंड की कप्तान गैबी लुईस ने केली के योगदान और मलाहाइड क्रिकेट क्लब के लिए विदेशी खिलाड़ी के तौर पर आने के बाद उनके असर की तारीफ की उन्होंने कहा, "पिछले चार वर्षों में अर्लीन हमारी टीम का एक बहुत खास हिस्सा बन गई हैं। वह मलाहाइड सीसी के लिए विदेशी खिलाड़ी के तौर पर आयरलैंड आई थीं और मुझे नहीं लगता कि हममें से किसी ने तब सोचा भी होगा कि वह हमारे ग्रुप के लिए कितनी अहम हो जाएंगी। उन्होंने मैदान के अंदर और बाहर हमें बहुत कुछ दिया है, और वह ऐसी इंसान रही हैं जिन पर हम हमेशा भरोसा कर सकते थे।"

गैबी ने आगे कहा, "हम जानते हैं कि इतने लंबे समय तक अपने परिवार से दूर रहना उनके लिए कितना मुश्किल रहा होगा। हालांकि, हमें उनकी बहुत याद आएगी, लेकिन हम इस बात से बहुत खुश हैं कि वह घर लौट रही हैं और अपने चाहने वालों के करीब जा रही हैं। आखिरी चार वर्षों में उन्होंने हमें जो कुछ भी दिया है, उसके लिए हम अर्लीन का जितना भी शुक्रिया अदा करें, कम है। उन्होंने हमारी टीम पर अपनी गहरी छाप छोड़ी है और वह हमेशा हमारी आयरिश क्रिकेट परिवार का एक अहम हिस्सा रहेंगी। हम उनके भविष्य के लिए उन्हें शुभकामनाएं देते हैं।”