छतरपुर,शिवम सोनी। मंगलवार को कलेक्टर की जनसुनवाई में शहर की यातायात समस्या को लेकर व्यापारियों ने एकजुट होकर ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों ने राम गली बजरिया क्षेत्र में बढ़ते अतिक्रमण और रोजाना लगने वाले जाम की समस्या को प्रमुखता से उठाया। ज्ञापन में बताया गया कि क्षेत्र की सड़क पहले से ही संकरी है, जिस पर दोनों ओर खड़े दोपहिया वाहन और दुकानदारों द्वारा सड़क पर फैलाया गया सामान राहगीरों के लिए बड़ी परेशानी बन गया है।


व्यापारियों ने कहा कि हालात ऐसे हैं कि पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है, जिससे आम नागरिकों और ग्राहकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन को सुझाव देते हुए बताया कि राम गली बजरिया में ही पीडब्ल्यूडी की शासकीय भूमि खाली पड़ी है, जिसे साफ कर व्यवस्थित पार्किंग स्थल बनाया जा सकता है।


ज्ञापन में मांग की गई कि सड़क पर खड़े वाहनों और अतिक्रमण को तत्काल हटाने की कार्रवाई की जाए तथा प्रस्तावित पार्किंग व्यवस्था को नगर पालिका द्वारा नियमित रूप से संचालित किया जाए। व्यापारियों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन जल्द कदम उठाएगा, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारु हो सकेगी। इस दौरान काशीराम सोनी,रवि सोनी,अश्वर सोनी,जितेंद्र रिछारिया, होश तिवारी सहित व्यापारी मौजूद रहे