छतरपुर, विनोद मिश्रा। गणेशोत्सव पर्व के समापन अवसर पर गणेश प्रतिमाओं के शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित विसर्जन को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस महकमा पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। इसी तारतम्य में कलेक्टर मृणाल मीना एवं पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने संयुक्त रूप से थाना सिविल लाइन क्षेत्र अंतर्गत प्रमुख विसर्जन स्थल बूढ़ा बांध का स्थलीय निरीक्षण किया। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने विसर्जन घाट पर चल रही तैयारियों, सुरक्षा घेरे, प्रकाश व्यवस्था और यातायात प्रबंधन का बारीकी से जायजा लिया और मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


निरीक्षण के दौरान कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि विसर्जन स्थल पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने घाटों पर मजबूत बैरिकेडिंग, गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए संकेतक, लाइफ जैकेट्स और गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। इसके साथ ही विसर्जन मार्गों पर वाहनों के सुगम आवागमन, पार्किंग और भीड़ नियंत्रण को लेकर यातायात पुलिस को विशेष रणनीति के तहत कार्य करने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी प्रकार की जाम या अव्यवस्था की स्थिति निर्मित न हो।


बूढ़ा बांध विसर्जन स्थल के निरीक्षण के दौरान एसडीएम छतरपुर आर.एल. बागरी, नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) अरुण कुमार सोनी, सिविल लाइन थाना प्रभारी आशुतोष श्रोत्रिय, यातायात थाना प्रभारी बृहस्पति साकेत सहित राजस्व व पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने विसर्जन के दिन तैनात रहने वाले बल और निगरानी व्यवस्था की रूपरेखा भी साझा की।


बूढ़ा बांध के साथ-साथ जिले के अन्य नगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों में चिन्हित गणेश प्रतिमा विसर्जन स्थलों पर भी संबंधित अनुविभागीय अधिकारी, एसडीओपी और थाना प्रभारियों द्वारा लगातार निरीक्षण कर व्यवस्थाएं चाक-चौबंद की जा रही हैं। जिला प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे निर्धारित विसर्जन स्थलों पर ही प्रतिमाओं का विसर्जन करें और सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व संपन्न कराने में सहयोग दें।