मंदसौर, ललित शंकर धाकड़। शहर की सड़कों पर स्कूली बच्चों की सुरक्षा को ताक पर रखकर बेखौफ दौड़ रहे वाहनों का एक चिंताजनक मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो में स्कूली छात्र क्षमता से अधिक भरे एक ऑटो/टेम्पो के दरवाजे पर लटककर जान जोखिम में डालकर सफर करते नजर आ रहे हैं।

यह वीडियो शहर के मुख्य मार्ग और सरदार पटेल चौराहा के बीच का बताया जा रहा है, जहां बीच सड़क पर ट्रैफिक नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। वायरल वीडियो में स्पष्ट देखा जा सकता है कि ऑटो चालक ने क्षमता से कहीं अधिक बच्चों को वाहन में ठूंस रखा है और कई मासूम बच्चे दरवाजे के पायदान पर खड़े होकर सफर करने को मजबूर हैं। जरा सा संतुलन बिगड़ने पर कोई भी बड़ा और अप्रिय हादसा घटित हो सकता था।

खुलेआम हो रही इस गंभीर लापरवाही के बाद यातायात पुलिस और स्थानीय प्रशासन की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं कि आखिर शहर के व्यस्त चौराहों पर चेकिंग के बावजूद ऐसे ओवरलोड वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है। स्थानीय नागरिकों और अभिभावकों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि स्कूली वाहनों की सघन जांच कर ऐसे लापरवाह चालकों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाए, ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।