छतरपुर, विनोद मिश्रा। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने छतरपुर आगमन पर प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए कई गंभीर आरोप लगाए। अल्प प्रवास के दौरान खेल ग्राम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान मीडिया व कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने राज्य में भ्रष्टाचार, चरमराती कानून-व्यवस्था और जनसमस्याओं को लेकर सरकार पर कड़ा प्रहार किया।
जीतू पटवारी ने प्रदेश के विभिन्न जिलों का जिक्र करते हुए सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए। उन्होंने सागर, मुरैना, देवास, छिंदवाड़ा, बालाघाट और इंदौर में जहरीली शराब तथा दूषित पानी के सेवन से हुई मौतों के मामलों को उठाते हुए कहा कि राज्य में आम जनता की जान जोखिम में है। इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश के कृषि संकट पर ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि किसान आज खाद और बिजली की भारी किल्लत से जूझ रहे हैं। फसलों का उचित दाम न मिलने, बढ़ते कर्ज और किसानों द्वारा आत्महत्या जैसे गंभीर मुद्दे सरकार की विफलताओं को उजागर करते हैं।
सरकार के खिलाफ जनआंदोलन को और तेज करने का संकल्प जताते हुए पटवारी ने 1 नवंबर को देश की राजधानी दिल्ली में विशाल प्रदर्शन का ऐलान किया। उन्होंने बताया कि इस प्रदर्शन के लिए ब्लॉक, मंडल और पंचायत स्तर के पदाधिकारियों के अलावा महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई और वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। छतरपुर और आसपास के क्षेत्रों से लगभग 20 से 30 हजार कार्यकर्ताओं व आम लोगों को दिल्ली ले जाने का लक्ष्य रखा गया है।
















