धार, भानु प्रकाश शर्मा। धार जिले के बदनावर में लेबड़-नयागांव फोरलेन पर सादलपुर और खेरोद के बीच रविवार रात करीब 11:30 बजे एक भीषण हादसा हो गया। सागौर से सांवरिया सेठ के दर्शन करने गए पांच दोस्तों की डिजायर कार पुलिया के डिवाइडर से टकराकर नीचे जा गिरी।

टक्कर के बाद उखड़ा इंजन, कार में लगी भीषण आग

टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी का इंजन उखड़कर दूर जा गिरा और कार पुलिया के नीचे गिरते ही आग के गोले में तब्दील हो गई। हादसे में एक युवक उछलकर कार से बाहर जा गिरा, जबकि चार दोस्त अंदर ही फंसे रह गए। आग तेजी से फैलने के कारण चारों युवकों की मौके पर ही जिंदा जलने से दर्दनाक मौत हो गई।

4 की मौके पर मौत, 1 गंभीर घायल इंदौर रेफर

हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान सागौर निवासी अंकुश उर्फ भीम चौधरी (20), चेतन चौधरी (20), आदित्य उर्फ अनमोल तिवारी (19) और अभिषेक सोलंकी के रूप में हुई है। वहीं बाहर गिरे तुषार मंडलोई (20) को गंभीर हालत में प्राथमिक इलाज के बाद इंदौर रेफर किया गया है।

डायल 112 और फायर ब्रिगेड ने पाया काबू, जांच शुरू

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की डायल 112 टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया, हालांकि तब तक गाड़ी पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए धार जिला चिकित्सालय भेजकर जांच आगे बढ़ाई है।