छतरपुर/खजुराहो, तुलसीदास सोनी। खजुराहो और राजनगर विकासखंड अंतर्गत संदीपनी विद्यालय में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, भोपाल के निर्देशन में ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों का त्रैमासिक क्षमता वर्धन प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह आयोजन विक्रमपुर सेक्टर की नवांकुर संस्था रिसर्च इंडिया लोक कल्याण सोसायटी द्वारा किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में राजनगर विधायक अरविंद्र पटेरिया, भाजपा मंडल अध्यक्ष कमलेश पटेल, प्रभारी प्राचार्य दीपक दुबेदी, जिला समन्वयक डॉ. राजेश तिवारी और ब्लॉक समन्वयक मनीष शर्मा उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारती के पूजन और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसके बाद अतिथियों का पुष्पमालाओं से स्वागत किया गया।

प्रस्फुटन समितियों की परिकल्पना और स्वावलंबन पर जोर

प्रशिक्षण के प्रथम सत्र में अनुपम गुप्ता ने मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद की परिकल्पना, स्वैच्छिक सामूहिकता और स्वावलंबन के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने परिषद की क्रांति यात्रा के उद्देश्यों से अवगत कराते हुए समितियों से अपने-अपने गांवों में आदर्श कार्यों का चयन कर उन्हें गति देने का आह्वान किया। साथ ही 'गांव का पानी गांव में, खेत का पानी खेत में' जैसे सामाजिक परिवर्तन के विचारों को अपनाने पर जोर दिया गया।

समग्र ग्राम विकास और दस्तावेजीकरण का मार्गदर्शन

द्वितीय सत्र में जिला समन्वयक डॉ. राजेश तिवारी ने समग्र ग्राम विकास की अवधारणा और उसके विभिन्न चरणों की विस्तार से जानकारी दी। इसके बाद तृतीय सत्र में ब्लॉक समन्वयक मनीष शर्मा ने प्रस्फुटन समितियों के दस्तावेजीकरण, परिषद के ऐप्स लिंक पर गतिविधियों के अपलोड तथा समितियों के सक्रिय संचालन के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने निर्देश दिए कि समितियां प्रत्येक माह नियमित बैठक आयोजित कर परिषद के अभियानों को प्राथमिकता दें और कार्यालय के रजिस्टरों को व्यवस्थित रखें।

विधायक अरविंद्र पटेरिया का संबोधन: जमीन पर दिखना चाहिए काम

समापन सत्र को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि राजनगर विधायक अरविंद्र पटेरिया ने कहा कि प्रस्फुटन समिति का काम सिर्फ कागजों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि यह जमीन पर दिखना चाहिए। सरकार की 100 से ज्यादा योजनाएं हैं, लेकिन गांव के आखिरी व्यक्ति तक उनकी जानकारी नहीं पहुंच पाती है। ऐसे में प्रस्फुटन समिति का मुख्य दायित्व है कि वह हर पात्र व्यक्ति को शासन की योजनाओं से जोड़े। उन्होंने स्पष्ट किया कि राजनगर विधानसभा का वास्तविक विकास तभी संभव है जब हर गांव की प्रस्फुटन समिति पूरी तरह सक्रिय हो।

उत्कृष्ट कार्य करने वालों का हुआ सम्मान

कार्यक्रम के समापन अवसर पर राजनगर विधायक और अन्य अतिथियों द्वारा विक्रमपुर सेक्टर की छह प्रस्फुटन समितियों के प्रशिक्षणार्थियों को सहभागिता प्रमाण पत्र वितरित किए गए। सामाजिक क्षेत्र में सराहनीय सहयोग के लिए नवांकुर सखी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा कार्यकर्ताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा, पत्रकारिता के साथ सामाजिक कार्यों में सहयोग देने वाले क्षेत्र के सम्मानित पत्रकारों को विधायक अरविंद्र पटेरिया व अन्य अतिथियों द्वारा शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया और सभी को आगामी दशहरा पर्व की शुभकामनाएं दी गईं।

इस दौरान शिक्षक मनोज पटेल, हेड मास्टर प्रमोद तिवारी, नगर प्रस्फुटन समिति राजनगर से अमन रैकवार, कोषाध्यक्ष सुरेश विश्वकर्मा, विरोना अध्यक्ष शिवराज पटेल, कर्री से विनय लटोरिया, नदया अध्यक्ष आराम सिंह, बम्होरी बहादुर जू अध्यक्ष जगदीश अहिरवार, इमिलिया अध्यक्ष जितेंद्र कुशवाहा सहित परामर्शदाता अनुपम गुप्ता, मीनू राजा, नीलम कुशवाहा, जलज जैन, राकेश चतुर्वेदी, नवांकुर संस्था के ग्यासी रजक, जगन्नाथ पटेल, सुबेंद्र यादव, बाबू यादव, अभिषेक सोनी एवं बड़ी संख्या में समिति के सदस्य उपस्थित रहे।