सागर, पुष्पेन्द्र यादव। जिले के शाहगढ़ क्षेत्र अंतर्गत बरायठा जंगल में एक वयस्क तेंदुआ मृत अवस्था में मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने आलमपुर के पास जंगल में किसी जंगली जानवर का शव पड़े होने की सूचना वन विभाग को दी थी। सूचना मिलते ही बीट प्रभारी बरायठा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बीट बरायठा के कक्ष क्रमांक 435 में सर्चिंग शुरू की।


सर्चिंग के दौरान वन अमले को एक वयस्क तेंदुआ मृत अवस्था में मिला। मामले की जानकारी तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद अधिकारियों की मौजूदगी में कार्रवाई शुरू की गई। शासन के निर्देशानुसार दो डॉक्टरों के पैनल द्वारा तेंदुए का पोस्टमार्टम कराया गया।


वन विभाग के अनुसार प्रथम दृष्टया तेंदुए की मौत आपसी लड़ाई में गंभीर रूप से घायल होने के कारण होना प्रतीत हो रही है। मृत तेंदुए के सभी अंग सुरक्षित पाए गए हैं, जिससे शिकार या अंगों की तस्करी जैसी आशंकाओं से फिलहाल इनकार किया जा रहा है। घटनास्थल के समीप ही एक गाय का शिकार भी मिला है।


पोस्टमार्टम के बाद तेंदुए का विसरा जांच के लिए जबलपुर भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल वन विभाग पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है।