छतरपुर। त्योहारी सीजन के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी के खिलाफ कोतवाली पुलिस और राजस्व अमले ने बड़ी संयुक्त कार्रवाई की है। तहसीलदार और कोतवाली पुलिस की टीम ने सरानी रोड पर घेराबंदी कर एक वाहन से करीब 12 क्विंटल (1200 किलोग्राम) संदिग्ध नकली मावा बरामद किया है। जब्त किए गए इस मावे की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 6 लाख रुपये आंकी गई है।
जांच में सामने आया है कि यह नकली मावा ग्वालियर से ट्रांसपोर्ट के माध्यम से लोड होकर छतरपुर पहुंचाया गया था। इस खेप को पन्ना नाका स्थित मिठाई दुकानों और शहर के अन्य मिष्ठान प्रतिष्ठानों में खपाने की तैयारी थी। सूचना मिलते ही प्रशासनिक टीम ने सरानी रोड पर वाहन को रोककर जांच की और भारी मात्रा में मावा जब्त कर लिया।
पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने संबंधित सामग्री को कब्जे में लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचित कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि यह मावा शहर के किन-किन मिठाई कारोबारियों और दुकानों तक सप्लाई किया जाना था, इसकी विस्तृत पड़ताल की जा रही है और पूरे नेटवर्क का जल्द खुलासा कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




