मुंबई। एक्ट्रेस और फिल्ममेकर कश्मीरा शाह ने अपने करियर में एक नया अध्याय शुरू किया है। उन्होंने एक स्वतंत्र फिल्ममेकर के तौर पर अपने दूसरे डायरेक्शनल प्रोजेक्ट पर काम शुरू कर दिया है।कश्मीरा ने इंस्टाग्राम पर अपनी इस जर्नी की झलकियां शेयर कीं, जो ग्रीस से हैं। उन्होंने बताया कि ग्रीस में शूटिंग सिर्फ लोकेशन का चुनाव नहीं है, बल्कि यह कहानी का एक किरदार है।
इंस्टाग्राम पर कैप्शन में कश्मीरा ने लिखा, "एक स्वतंत्र फिल्ममेकर के तौर पर अपने दूसरे डायरेक्शन के साथ इस नए चैप्टर की शुरुआत करना बहुत ही रोमांचक लग रहा है और सच कहूं तो मैं इसे किसी और तरीके से नहीं चाहती थी। मुझे अपने सपने को सच होते देखकर गर्व महसूस हो रहा है।"
उन्होंने कहा कि वे सपनों के सच होने में विश्वास करती हैं। कश्मीरा ने लिखा, "सपनों पर विश्वास करो, वे सच होते हैं। ऐसा तब होता है जब आप अपनी आंखें खोलते हैं, अपने कम्फर्ट जोन से बाहर निकलते हैं और विश्वास रखते हैं। ग्रीस में फिल्मिंग सिर्फ लोकेशन चॉइस नहीं है, यह हमारी कहानी में एक किरदार है। इस क्रू, इस पल और अपनी तरह से कहानियां कहने की हिम्मत के लिए आभारी हूं।"
कश्मीरा ने अपने लंबे समय के बॉयफ्रेंड कृष्णा अभिषेक से साल 2013 में शादी की थी। दोनों की मुलाकात श्याम सोनी द्वारा निर्देशित फिल्म 'और पप्पू पास हो गया' के सेट पर हुई थी।
हाल ही में यह कपल फनी कुकिंग शो 'लाफ्टर शेफ्स अनलिमिटेड एंटरटेनमेंट' के तीसरे सीजन में नजर आया है। इस शो में उनके साथ अली गोनी, जन्नत जुबैर, एल्विश यादव, ईशा मालवीय, करण कुंद्रा, तेजस्वी प्रकाश, अभिषेक कुमार, समर्थ जुरेल, गुरमीत चौधरी, देबिना बनर्जी, विवियन डीसेना और ईशा सिंह हैं। इसे भारती सिंह होस्ट करती हैं और शेफ हरपाल सिंह सोखी जज हैं।
कश्मीरा हिंदी और मराठी फिल्मों में अपने काम के लिए जानी जाती हैं। वह रियलिटी शो बिग बॉस 1, नच बलिए 3 और खतरों के खिलाड़ी 4 में भी हिस्सा ले चुकी हैं। उन्हें राम गोपाल वर्मा की फिल्म 'जंगल' से पहचान मिली थी।













