टीकमगढ़, मोहसिन अहमद। मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले से शिक्षा और कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाने वाला एक गंभीर मामला प्रकाश में आया है। अमरपुर गांव स्थित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में गांव के ही दबंगों ने अनाधिकृत रूप से प्रवेश कर जमकर गुंडागर्दी की। दबंगों ने न केवल सुबह की असेंबली में प्रार्थना कर रहे बच्चों को जबरन रुकवाया, बल्कि शिक्षकों को हिदायत दी कि वे बच्चों को संस्कृत, विज्ञान और भूगोल जैसे विषय न पढ़ाएं। इस दौरान आरोपियों ने बच्चों के मन में नकारात्मकता घोलते हुए कहा कि ज्ञान की देवी मां सरस्वती नहीं हैं।

प्रार्थना स्थल पर मचाया गदर, 'गायत्री मंत्र' और धार्मिक प्रार्थनाएं बंद करने का बनाया दबाव

घटना की प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रोज की तरह जब छात्र-छात्राएं विद्यालय परिसर में सुबह की प्रार्थना कर रहे थे, तभी गांव के चार दबंग—हीरा अहिरवार, रोहित अहिरवार, अजय अहिरवार और सुरेश अहिरवार बेधड़क स्कूल परिसर में घुसे और हंगामा शुरू कर दिया। जब विद्यालय के शिक्षकों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो आरोपियों ने स्टाफ के साथ अभद्रता की और धमकी दी कि 'सुबह शाम करे ईश्वर का ध्यान' और गायत्री मंत्र का पाठ कल से पूरी तरह बंद होना चाहिए। दबंगों के आक्रामक रवैये को देखकर डरे-सहमे शिक्षकों ने किसी तरह बच्चों को कक्षाओं के अंदर भेजा।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही प्रशासन में मचा हड़कंप, एसडीएम और तहसीलदार पहुंचे मौके पर

दबंगों की इस दबंगई का वीडियो खुद आरोपियों द्वारा बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया, जो देखते ही देखते तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आते ही जिला प्रशासन तुरंत हरकत में आया। टीकमगढ़ एसडीएम और तहसीलदार पुलिस टीम के साथ अमरपुर स्कूल पहुंचे, जहां उन्होंने शिक्षकों, विद्यार्थियों, ग्रामीणों और ग्राम सरपंच से बातचीत कर घटना की विस्तृत जानकारी ली। प्रशासन के निर्देश पर बड़ागांव थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।