छतरपुर, संदीप यादव। छतरपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित सटई रोड पर बीती जुलाई माह में महिला पुलिस आरक्षक के साथ हुई चेन स्नैचिंग (झपटमारी) की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। स्कूटी से घर लौट रही महिला आरक्षक को निशाना बनाने वाले मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों में से एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। घटना के बाद थाना सिविल लाइन में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही थी।
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से हत्थे चढ़ा आरोपी, न्यायालय में किया गया पेश
घटना के बाद छतरपुर पुलिस अधीक्षक श्री रजत सकलेचा के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ भौतिक एवं तकनीकी साक्ष्यों की मदद से जांच आगे बढ़ाई। इसके आधार पर पुलिस ने सटई रोड, पीतांबरा मंदिर के पास निवासी आरोपी आकाश उर्फ छोटू शिवहरे (पिता भगवतदीन शिवहरे) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नगदी राशि बरामद की है और उसे न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया है।
दूसरे फरार आरोपी की तलाश जारी, वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई
मामले का एक आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुका है, जबकि वारदात में शामिल उसके दूसरे साथी की तलाश के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। इस सफल कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आदित्य पटले एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री अरुण कुमार सोनी के कुशल मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सिविल लाइन निरीक्षक आशुतोष श्रोत्रिय और उनकी टीम की मुख्य भूमिका रही।

















