बालाघाट, रितेश सोनी। अंतर्राष्ट्रीय सन्त बौद्धिक मंच के छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष और जाने-माने समाजसेवी अखलेश जैन को उनकी उल्लेखनीय समाज सेवा, सनातन संस्कृति के संवर्धन एवं राष्ट्र सेवा को ध्यान में रखते हुए सम्मानित किया गया है। रायपुर में आयोजित 'सेवा संकल्प कार्यक्रम' में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के हाथों उन्हें इस प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा गया। इस उपलब्धि पर अंतर्राष्ट्रीय सन्त बौद्धिक मंच परिवार ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
देश-विदेश में सनातन एकता के लिए कार्यरत है अंतर्राष्ट्रीय सन्त बौद्धिक मंच
अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी स्वदेशानंद ब्रह्म गिरि महाराज के मार्गदर्शन में यह संगठन भारत के 29 राज्यों के अलावा नेपाल, भूटान, इंडोनेशिया, अमेरिका, दुबई और कनाडा जैसे कई देशों में सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार और सामाजिक समरसता के लिए कार्य कर रहा है। छत्तीसगढ़ में अखलेश जैन के नेतृत्व में संगठन लगातार मजबूत हुआ है। वे ओडिशा के सन्त समागम और नेपाल प्रवास जैसे महत्वपूर्ण आयोजनों में सक्रिय सहभागिता दर्ज कराते रहे हैं।
गरीब बच्चों की शिक्षा और निर्धन कन्याओं के विवाह का उठा रहे हैं बीड़ा
अखलेश जैन ने समाज सेवा के क्षेत्र में कई मिसालें कायम की हैं। उन्होंने बड़ी संख्या में गरीब और असहाय बच्चों के रहने, खाने और पढ़ाई-लिखाई का खर्च उठाया है। इसके अलावा वे समय-समय पर निर्धन परिवारों की बेटियों का नि:शुल्क विवाह भी कराते रहे हैं।
समाज सेवा के प्रति सदैव प्रतिबद्ध रहने का जताया संकल्प
मुख्यमंत्री से सम्मान प्राप्त करने के बाद अखलेश जैन ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार प्रकट किया और आयोजकों को बधाई दी। उन्होंने अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि वे समाज सेवा के लिए सदैव तत्पर हैं और जब भी किसी गरीब बच्चे को शिक्षा के लिए सहयोग की आवश्यकता होगी, वे हर संभव सहायता प्रदान करेंगे।

















