खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा नगर निगम ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए पूरे प्रदेश में अपना परचम लहराया है। राज्य सरकार द्वारा चलाए गए 'अमृत हरित महाअभियान' के तहत खंडवा नगर निगम ने तय लक्ष्य से अधिक पौधरोपण कर प्रदेश भर में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
लक्ष्य से 17 हजार अधिक पौधे रोपे, 114% उपलब्धि हासिल
अमृत हरित महाअभियान के तहत खंडवा नगर निगम को 1,23,333 पौधे लगाने का लक्ष्य दिया गया था। नगर निगम की टीम ने रिकॉर्ड बनाते हुए 1,40,812 पौधे लगाए, जो कि कुल लक्ष्य का 114 प्रतिशत है। निगम ने अपने लक्ष्य से लगभग 17,479 पौधे अधिक लगाकर यह नया कीर्तिमान स्थापित किया।
महापौर का नेतृत्व और मैदानी मॉनिटरिंग
इस उपलब्धि में खंडवा की महापौर अमृता अमर यादव के नेतृत्व और मैदानी सक्रियता की प्रमुख भूमिका रही: महापौर ने खुद जमीनी स्तर पर उतरकर अभियान की हर वार्ड में समीक्षा की और अधिकारियों व कर्मचारियों की जवाबदेही तय की। पौधों को केवल लगाने तक सीमित न रखते हुए, उनकी सुरक्षा और देखभाल के लिए भी विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। महापौर ने इस सफलता का श्रेय नगर निगम की पूरी प्रशासनिक टीम, पार्षदों और खंडवा के नागरिकों के जनसहयोग को दिया है।




