छतरपुर, विनोद मिश्रा। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के तिलवा (तिलोंहा) गांव में देर रात एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया। खेत पर सो रहे 27 वर्षीय राजाराम कुशवाहा की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है, जिससे पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल है।


जानकारी के अनुसार, राजाराम कुशवाहा पिता मठोला कुशवाहा मजदूरी के लिए राजस्थान में काम करता था और कुछ दिन पहले ही गांव लौटा था। परिवार के मुताबिक वह बड़े भाई की तबीयत खराब होने पर मदद के लिए घर आया था।


बताया जा रहा है कि वारदात के समय राजाराम खेत में सो रहा था। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मृतक के दोनों भाइयों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि एक भाई घटना के बाद मौके पर नहीं मिला, जबकि दूसरा घर पर मौजूद था।


परिवार ने मामले में करीब 25 साल पुराने ज़मीनी विवाद की बात भी सामने रखी है। जानकारी के अनुसार, बंटवारे में परिवार को करीब डेढ़ एकड़ जमीन मिली थी। पुलिस इस एंगल सहित सभी संभावित कारणों की जांच कर रही है।


मृतक अपने पीछे पत्नी और पांच बेटियां — प्रियंका, विमलेश, अंजलि, भावना और मोहनी — को छोड़ गया है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ, फोरेंसिक और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।