देवास, नंदकिशोर गुर्जर। नेमावर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग बालिका के साथ अपहरण और दुष्कर्म की गंभीर वारदात सामने आई है। पड़ोसी जिले सीहोर की भेरूंदा तहसील के ग्राम बगवाड़ा निवासी संदीप पंवार और उसके एक साथी पर आरोप है कि उन्होंने आधी रात को नाबालिग का अपहरण कर लिया।


आरोपियों ने बालिका को जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर खिड़किया और नारायणपुरा के घने जंगलों में ले गए। रात के अंधेरे में उन्होंने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। इसके अलावा आरोपियों ने पीड़िता पर शादी करने का दबाव भी बनाया और घटना की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी दी।


रातभर जंगल में घटना के बाद आरोपियों ने सुबह पीड़िता को उसके मामा के घर से कुछ दूरी पर छोड़ दिया और मौके से फरार हो गए। खौफ और दहशत में रात बिताने के बाद पीड़िता किसी तरह अपने परिजनों तक पहुंची और पूरी घटना सुनाई। परिजन तुरंत उसे लेकर नेमावर पुलिस थाने पहुंचे।


नेमावर थाना प्रभारी टीना शुक्ला ने बताया कि डायल 112 के जरिए सूचना मिली थी। इसके बाद पीड़िता और परिजनों ने आकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दुष्कर्म, अपहरण और पोक्सो एक्ट की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। जांच जारी है।