छत्तीसगढ़ /रायगढ़, रोहित तिर्की । कापू पुलिस ने आदिवासी और शासकीय जमीन के कथित फर्जी अंतरण से जुड़े दो मामलों में फरार चल रहे तत्कालीन पटवारी राकेश कुमार साय को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लैपटॉप और प्रिंटर भी जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, पहले मामले में पण्डो जनजाति की भूमि को कथित रूप से फर्जी दस्तावेज तैयार कर दूसरे व्यक्ति के नाम दर्ज कराने और इसके बाद जमीन की बिक्री कराने का आरोप है। मामले में थाना कापू में अपराध क्रमांक 108/2026 के तहत धोखाधड़ी, कूटरचना और साजिश समेत विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है।
वहीं, दूसरे मामले में ग्राम पंचायत रायमेर की शासकीय भूमि के फर्जी पट्टे और दस्तावेज तैयार कर निजी व्यक्तियों के नाम जमीन का अंतरण एवं रजिस्ट्री कराने की शिकायत सामने आई थी। इस मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 131/2026 दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने बताया कि “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए फरार चल रहे तत्कालीन पटवारी राकेश कुमार साय को ग्राम गनपतपुर से गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से लैपटॉप और प्रिंटर जब्त किए गए हैं। दोनों प्रकरणों में पुलिस द्वारा आगे की जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, मामलों में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।














