छतरपुर। शहर के पावन हनुमान टौरिया पर पिछले 8 महीनों से हर मंगलवार को निरंतर चल रही महाआरती आज भी भक्ति और श्रद्धा की लहर लेकर सम्पन्न हुई। इस अवसर पर छतरपुर के एसडीएम अखिल राठौर ने विधिवत महाआरती कराई, जिससे पूरा परिसर दिव्य ऊर्जा से भर गया।
महाआरती के बाद सुंदरकांड का पाठ हुआ, उसके बाद सभी उपस्थित श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया। कार्यक्रम के समापन पर राष्ट्रगान गाकर उपस्थितजनों ने देशभक्ति का संदेश दिया, जिससे वातावरण में भक्ति, एकता और राष्ट्रप्रेम की अनुपम छटा छा गई।
इस धार्मिक आयोजन में छतरपुर की स्टार बाल कलाकार माही सोनी विशेष रूप से मौजूद रहीं। माही सोनी ने सनातन धर्म पर भावुक संदेश देते हुए कहा, "हमारी संस्कृति, आस्था और परंपराएं ही भारत की असली पहचान हैं। इन्हें नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।"
कार्यक्रम में पत्रकार कल्याण परिषद के प्रांतीय अध्यक्ष रामबाबू सिंह परिहार, अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष शिव प्रताप सिंह चौहान सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु, गणमान्य नागरिक, पत्रकार और समाजसेवी उपस्थित रहे।

