जबलपुर। जिले के शाहपुरा थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक ने पहले किशोरी को दोस्ती के बहाने अपने साथ ले जाकर दुष्कर्म किया और उसका आपत्तिजनक वीडियो बना लिया। बाद में वीडियो वायरल करने की धमकी देकर अपने चार अन्य साथियों के साथ मिलकर किशोरी के साथ दो बार सामूहिक दुष्कर्म किया गया।


पुलिस के अनुसार, किशोरी की एक युवक से दोस्ती हुई थी। आरोप है कि युवक उसे घूमाने के बहाने अपने साथ ले गया और इसी दौरान उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी ने कथित तौर पर घटना का वीडियो बना लिया और उसे अपने साथियों को भी दिखाया। इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर किशोरी पर लगातार दबाव बनाया गया।


किशोरी ने पुलिस को बताया कि दिसंबर में पांचों आरोपियों ने वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। इसके बाद 10 अगस्त को भी आरोपियों ने कथित तौर पर धमकाकर उसके साथ दोबारा सामूहिक दुष्कर्म किया।


लगातार ब्लैकमेलिंग और धमकियों से परेशान किशोरी ने आखिरकार घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी। परिजन उसे लेकर शाहपुरा थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।


शिकायत के आधार पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट, दुष्कर्म समेत अन्य संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने दबिश देकर मामले में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक नाबालिग भी बताया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों को जुटाया जा रहा है।