छिंदवाड़ा, जीशान अंसारी । बस स्टैंड स्थित शराब दुकान को हटाने की मांग को लेकर क्षेत्रीय विधायक विजय चौरे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में विधायक पिपला नारायणवार स्थित शराब दुकान पर पहुंचकर संचालक को कड़ी फटकार लगाते नजर आ रहे हैं।

बताया जा रहा है कि पिपला नारायणवार के मुख्य बस स्टैंड पर संचालित शराब दुकान को लेकर लंबे समय से स्थानीय लोगों में नाराजगी बनी हुई है। महिलाओं, छात्राओं और व्यापारियों ने शराबियों के आतंक, अभद्र व्यवहार और असुरक्षा को लेकर कई बार शिकायतें की थीं।

इसी मुद्दे को लेकर विधायक विजय चौरे शुक्रवार को सीधे शराब दुकान पहुंच गए। वायरल वीडियो में वे दुकान संचालक और संबंधित लोगों को सख्त चेतावनी देते दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि बस स्टैंड जैसे सार्वजनिक स्थान पर शराब दुकान किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

वीडियो में विधायक नगर की माताओं-बहनों की सुरक्षा और आम जनता की परेशानियों का जिक्र करते हुए जल्द दुकान हटाने की बात कहते सुनाई दे रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बस स्टैंड क्षेत्र में शराबियों के कारण आए दिन विवाद और गाली-गलौज की घटनाएं होती हैं, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

वहीं विधायक विजय चौरे के इस आक्रामक रुख को लेकर राजनीतिक चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।