छतरपुर। मध्य प्रदेश के छतरपुर स्थित प्रसिद्ध तीर्थ स्थल बागेश्वर धाम के खिलाफ चल रहे कुचक्रों और षड्यंत्रों के बीच पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर बड़ा बयान दिया है। शुक्रवार देर रात आयोजित दिव्य दरबार के दौरान उन्होंने वहां उपस्थित हजारों महिलाओं, बेटियों और माताओं से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की।


'परिवार के साथ ही आएं धाम, अनजान लोगों से रहें सावधान'

दिव्य दरबार में कथावाचक पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए स्वयं सतर्क रहने की सलाह दी: महाराज श्री ने कहा कि माताएं और बहिनें जब भी बागेश्वर धाम आएं, तो अपने परिवार के साथ ही आएं। यदि किसी कारणवश अकेले आना पड़े, तो अत्यधिक सावधानी बरतें और धाम में ज्यादा दिनों तक न ठहरें। उन्होंने सख्त हिदायत दी कि किसी भी अनजान व्यक्ति पर आंख बंद करके भरोसा न करें और न ही किसी अपरिचित के साथ कहीं जाएं। सुरक्षा के मामले में खुद समझदार बनने और अन्य श्रद्धालुओं को भी जागरूक करने का दायित्व हम सभी का है।


5 किमी में फैला धाम: सुरक्षा व्यवस्था और बदनामी की साजिश पर बोले महाराज

बागेश्वर महाराज ने धाम के विशाल क्षेत्रफल और सुरक्षा संबंधी चुनौतियों का जिक्र करते हुए सनातन धर्म के खिलाफ हो रही साजिशों पर चिंता जताई: उन्होंने बताया कि बागेश्वर धाम का दायरा लगभग 5 किलोमीटर क्षेत्र में फैला हुआ है। इतने बड़े पूरे इलाके में हर कोने पर सुरक्षा देना व्यावहारिक रूप से संभव नहीं है। हालांकि, मुख्य मंदिर परिसर, दरबार हॉल और उसके आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने कहा कि आए दिन बागेश्वर धाम को बदनाम करने की नीयत से किसी न किसी बाहरी घटना को धाम के नाम से जोड़ दिया जाता है। पं. धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि वर्तमान समय में चारों तरफ से सनातन संस्कृति पर हमले हो रहे हैं। सनातन धर्म पर कुठाराघात करने वाले इन असामाजिक तत्वों को समय आने पर करारा जवाब मिलेगा।