बैतूल/चिचोली, सुरेन्द्र बावने। बैतूल जिले के चिचोली ब्लॉक क्षेत्र के गोंडूमंडाई एवं नसीराबाद गांव में किसानों के खेतों से मोटर पंप के वायर चोरी होने की घटनाओं से ग्रामीणों में आक्रोश है। नाराज ग्रामीणों ने बिजली कार्यालय पहुंचकर हंगामा किया और पुलिस थाना में भी शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
गोंडूमंडाई के किसान भिकारी यादव ने बताया कि उन्होंने कुछ लोगों को मोटर पंप का वायर चोरी करते हुए देखा है। उन्होंने मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर बिजली विभाग एवं पुलिस को आवेदन दिया है।
वहीं, नसीराबाद गांव में ग्रामीणों ने एक घर को घेरकर दो संदिग्ध लोगों को पकड़ लिया। ग्रामीणों के अनुसार, उनके पास से मोटर पंप का वायर बरामद कर पुलिस के हवाले किया गया है। बिजली विभाग के अधिकारियों ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस थाने में आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
क्षेत्र में किसानों के खेतों से मोटर पंप और वायर चोरी की लगातार हो रही घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने पुलिस से चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।




