नई दिल्ली। मध्य प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने नई दिल्ली स्थित संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सौजन्य मुलाकात की। प्रधानमंत्री कक्ष में आयोजित इस महत्वपूर्ण एवं आत्मीय बैठक के दौरान दोनों नेताओं के मध्य लगभग 20 मिनट तक विभिन्न विषयों पर गंभीर मंथन हुआ। बैठक के दौरान मध्य प्रदेश के वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य, राज्य विधानसभा की गतिविधियों, प्रदेश में चल रही जनकल्याणकारी योजनाओं तथा सर्वांगीण विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।
विधानसभा अध्यक्ष बनने के बाद प्रशासनिक व विधायी कार्यों के समन्वय को लेकर यह मुलाकात काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। सूत्रों के अनुसार, बैठक में तोमर ने राज्य विधानसभा में संचालित नवाचारों, विधायी प्रक्रियाओं में पारदर्शिता तथा प्रदेश के बजटीय व विकासपरक प्राथमिकताओं के संबंध में प्रधानमंत्री को अवगत कराया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य के विकास में केंद्र और राज्य के बेहतर समन्वय पर जोर दिया और मध्य प्रदेश में चल रही विकास परियोजनाओं को गति देने पर विचार-विमर्श किया।




