बटियागढ़, राजेन्द्र तिवारी। हजरत इमाम हुसैन की शहादत की याद में मुहर्रम के अवसर पर बटियागढ़ नगर में पूरे अकीदत, अदब और एहतेराम के साथ ताजिया जुलूस निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने शामिल होकर करबला के शहीदों को खिराज-ए-अकीदत पेश किया तथा देश में अमन, शांति और भाईचारे की दुआ मांगी।
ताजिया जुलूस दरगाह मस्जिद घनश्यामपुरा से प्रारंभ होकर घनश्यामपुरा क्षेत्र का भ्रमण करते हुए बस स्टैंड बटियागढ़ पहुंचा। इसके बाद अंबेडकर चौराहा, मुख्य बाजार सहित नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए कर्बला के लिए रवाना हुआ। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं ने ताजियों का स्वागत किया और श्रद्धापूर्वक नज़र पेश की।
जुलूस के दौरान धार्मिक सौहार्द और अनुशासन का वातावरण देखने को मिला। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने हजरत इमाम हुसैन की कुर्बानी को याद करते हुए समाज में भाईचारे, शांति और मानवता के संदेश को अपनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष प्रतिनिधि धर्मेंद्र कटारे, जिला पंचायत सदस्य राव बृजेंद्र सिंह, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सतीश पटेल, कमेटी अध्यक्ष सुल्तान खान, सलीम खान, इसरार खान, इस्माइल खान, त्योहार कमेटी अध्यक्ष अजमेर खान, उपाध्यक्ष राजू खान, जलील खान, शाहिद खान, अंजुम खान सहित बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग उपस्थित रहे। वहीं जुलूस के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन एवं पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद रहा।

